कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण।
//खिलान पटैल//
मडियादो(दमोह)। कलेक्टर तरूण राठी अपने भ्रमण के दौरान आज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मड़ियादो पहुंचे। उन्होंने यहां उपचार और प्रसव के संबंध में जानकारी ली। भ्रमण के दौरान सीईओ जिला पंचायत डॉ. गिरीश मिश्रा साथ में मौजूद रहे।उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र का भ्रमण कर जायजा लिया। उन्होंने दवा भण्डार कक्ष पहुंचकर उपलब्ध दवाईयों की जानकारी ली। यहां पर सभी दवाईयां उपलब्ध थी, किन्तु एन्टी स्नेक वेनम एक मात्र उपलब्ध था, नाराजगी जाहिर की, पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता के निर्देश दिये।
यहां पर उन्होंने कोल्ड चेन कक्ष देखा, प्रसव कक्ष जाकर देखा और यहां पर प्रोटोकॉल के तहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
परिसर में रखें जनरेटर के संबंध में कहा क्या चलता है, डॉक्टर आर्य ने बताया तकनीकी खराबी के कारण बंद है। श्री राठी ने यहां पदस्थ स्टाफ की जानकारी ली और सभी को बुलाकर देखा। एक कर्मचारी द्वारा उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर नहीं पाये जाने पर अप्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा प्रतिदिन सभी कर्मचारी हस्ताक्षर करें, सुनिश्चित किया जायें।
यहां पर मौजूद मरीजों से भी चर्चा की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य केन्द्र पर पदस्थ चिकित्सक डॉ. के.सी. आर्य मौजूद रहे। यहां पर आयुर्वेद विभाग के एक चिकित्सक भी पदस्थ होना बताया गया, इस दौरान वे भी यहां मौजूद रहे।