कलेक्टर ने 103 आवेदनों पर की सुनवाई।
प्रकरणों को समय-सीमा में पूर्ण करने के दिये निर्देश।
//नरेंद्र अहिरवार//
दमोह। विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को जिला स्तर पर कलेक्टर की अगुआई में जनसुनवाई की जाती है, इस क्रम में आज कलेक्टर तरूण राठी ने विभिन्न क्षेत्रों से आये नागरिकों की समस्याओं को सुना और निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। जनसुनवाई में 103 आवेदनों पर सुनवाई की गई। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत डॉ गिरीश मिश्रा, अपर कलेक्टर आनंद कोपरिहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।जन सुनवाई में आरती निवासी मुडेरी हटरी ने आवेदन किया कि उसके पति नारायण अहिरवार का बगदरी के पास 13 अगस्त को दुर्घटना में मृत्यु हो गई है, सहायता राशि दिलाये जाने की मांग की। इसी प्रकार शंकर ठाकुर नन्हे भाई सहित पड़रिया के अन्य ग्रामवासियों ने मौजा खबेना की जमीन की गाईड लाईन निर्धारित करने हेतु निवेदन किया। इन सभी का कहना है कि गाईड लाईन निर्धारित ना होने से हम अपनी आगे की कार्रवाही नहीं कर पा रहे है। जन सुनवाई के दौरान कल्लू सिंह ठाकुर ने ग्राम पंचायत पिपरिया टिकरी ने पंचायत द्वारा कराया गये कार्यो की जांच कराने का आग्रह किया। धनतीबाई निवासी वनगांव ने आवेदन किया कि ग्राम सिंगपुर में उसकी जमीन को छोड़ा रहे है उसकी मदद की जायें। इसी प्रकार कमला अहिरवार ने उसकी जमीन से कब्जा हटवाकर उसे दिलाने की मांग की। जन सुनवाई में सहायक अध्यापक नीलू सोनी ने उपस्थिति के लिए निवेदन किया है, उनका कहना है वे सहायक अध्यापक शासकीय प्राथमिक शाला घटेरा संकुल शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बम्होरी माला जबेरा में पदस्थ है। इसी प्रकार अन्य गांव और शहरी क्षेत्रों से आये आवेदकों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिये। यहां आवेदको की समस्याएं सुनी गई और उन्हें पावती भी दिलवाई गई। जन सुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

