//आशीष चौरसिया//
बक्सवाहा(छतरपुर)। उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन, भोपाल द्वारा वर्तमान सत्र 2021-22 से भारत सरकार द्वारा अनुशंसित राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के पाठ्यक्रम को, स्नातक स्तर पर प्रदेश के समस्त महाविद्यालयों में लागू कर दिया गया है। इस पाठ्यक्रम के अनुसार आनलाइन ई-कंटेंट के निर्माण करने हेतु, आयुक्त उच्च शिक्षा भोपाल द्वारा शासकीय महाविद्यालय बकस्वाहा छतरपुर में पदस्थ तीन प्राध्यापकों का चयन किया गया है जिसमें महाविद्यालय के डा० नीरज कुमार(एमएससी,एमफिल,पीएचडी, नेट,सेट) सहायक प्राध्यापक वनस्पति शास्त्र, का चयन राज्य स्तर पर वनस्पति विज्ञान के पाठ्यक्रम के आनलाइन ई-कंटेंट के निर्माण में किया गया है।
साथ में डा० मुकेश कुमार पटेल (एमएससी,पीएचडी,सेट) सहायक प्राध्यापक प्राणीशास्त्र, का चयन जंतु विज्ञान के लिए ई-कंटेंट के निर्माण में किया गया है।
वहीं श्री अवधेश प्रताप सिंह (एम०ए०,यूजीसी-नेट) सहायक प्राध्यापक समाजशास्त्र, का चयन समाजशास्त्र के ई-कंटेंट के निर्माण में किया गया है। साथ ही श्री अवधेश प्रताप सिंह को समाजशास्त्र के गठित राज्य स्तरीय तकनीकी एवं सत्यापन समिति के सदस्य के रूप में भी चयनित किया गया है।
आनलाइन ई-कंटेंट निर्माण के तहत स्नातक स्तर पर संबंधित विषय एवं संकायों के प्रथम वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए वीडियो व्याख्यान एवं पाठ्यक्रम सामग्री का निर्माण किया जा रहा है जिससे विद्यार्थियों को अपनी पाठ्य सामग्री एवं उससे संबंधित आनलाइन व्याख्यान आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। प्राध्यापकों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री शिवम शुक्ला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि "शासकीय महाविद्यालय बकस्वाहा अत्यंत ही सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित है। ऐसे में राज्य स्तर पर उच्च शिक्षा विभाग भोपाल द्वारा उपरोक्त तीनों प्राध्यापकों का चयनित होना महाविद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।" प्राचार्य ने सभी प्राध्यापकों को शुभकामनायें प्रेषित करते हुए इसी तरह महाविद्यालय को गौरवान्वित करते हुए छात्र हित में कार्य करते रहने की बात कही है।