पान-मसालों के सेंपल जप्त कर किये जा रहे परीक्षण।
//नरेंद्र अहिरवार//
दमोह। शहर में विभिन्न खाद्य उत्पादक विक्रेताओं के यहां छापेमार कार्रवाई लगातार जारी हैं इसी क्रम में आज प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग डॉ पल्लवी जैन, मध्यप्रदेश शासन,भोपाल, कलेक्टर,दमोह तरुण राठी एवं डीओ खाद्य सुरक्षा प्रशासन डॉ आरके बजाज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार अहिरवाल,प्रीति राय एवं माधवी बुधौलिया ने संयुक्त टीम में कार्यवाही करते हुए दमोह के मोरगंज फाटक स्तिथ राजू पान मसाला, टंडन बगीचा स्तिथ केतन सेल्स एजेंसी एवं मीट मार्केट के सामने स्तिथ शुभम ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया एवं विभिन्न ब्रांडों के पान मसाला ब्रांड राजश्री,राजश्री प्रीमियम एवं सिग्नेचर ब्रांड पान मसाला के नमूनें लिए गए हैं जिनको जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला,भोपाल भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर पान मसाला की निर्माता कंपनी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सभी किराना खाद्य परिसरों में फ़ूड लाइसेंस की प्रति स्पष्ट रूप से परिसर में प्रदर्शित पाए गए हैं एवं कुछ खाद्य प्रतिष्ठानों पर फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड भी लगे हुए पाए गए हैं। सभी फुटकर एवं थोक पान मसाला विक्रेताओं को फ़ूड लाइसेंस एवं पंजीयन की प्रति स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं एवं फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण की कार्यवाही में किसी भी खाद्य प्रतिष्ठान में तंबाकू युक्त गुटखा नहीं पाया गया है। सर्वविदित है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा अप्रैल 2012 से तंबाकूयुक्त गुटखा के निर्माण,भंडारण एवं विक्रय करने पर प्रतिबंध है। पान मसाला में कथित रूप से तंबाकू,निकोटिन एवं मैग्नीशियम कार्बोनेट की मिलावट की शिकायत के आधार पर यह कार्यवाही खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग दमोह द्वारा निरंतर जारी है।
