Translate

गुरुवार, 28 नवंबर 2019

कलेक्टर ने किया दूरस्थ अंचलो का दौरा,जमीनी हकीकत जानकर अधिकारियों को दिये दिशा-निर्देश।

कलेक्टर ने किया दूरस्थ अंचलो का दौरा,जमीनी हकीकत जानकर अधिकारियों को दिये दिशा-निर्देश।




 सरपंच ने कहा मैं अपात्र हूं अपना नाम कटवा लूंगा।


//नरेंद्र अहिरवार//

ब्यूरो दमोह। कलेक्टर तरूण राठी बुधवार को आकस्मिक रूप से पात्रता पर्ची सत्यापन कार्य का जायजा लेने जबेरा जनपद पंचायत के दूरस्थ अंचलो पर पहुँचकर जायजा लिया।
श्री राठी सर्वप्रथम ग्राम डूमर पहूँचे, यहां पर रोजगार सहायक व दल के अन्य सदस्य सत्यापन कार्य कर रहे थे। उन्होने चल रहे सत्यापन कार्य की जानकारी ली और विभिन्न पत्रकों का अवलोकन किया गया। यहां पर 55 हितग्राहियों का सत्यापन कार्य होना पाया गया। श्री राठी ने ग्राम के लोगो से सत्यापन कार्य के संबंध में चर्चा भी की, गांव वालों ने कहा जी हां यह कार्य चल रहा है। ग्राम में तीन दलों द्वारा कार्य करने की जानकारी गांव वालों ने दी। कलेक्टर ने दल के सदस्यों से कहा सर्वे कार्य अच्छी तरह से करें, ग्राम सभा में इसका वाचन किया जायेगा। इस अवसर पर एसडीएम गगन विशेन, सीईओ जनपद पंचायत अवधेश सिंह और तहसीलदार अरविंद यादव साथ में मौजूद रहे।

कलेक्टर श्री राठी ग्राम हरदुआ मानगढ़ पहुंचे यहां पर सरपंच दुर्जन सिंह ने कहा मैं अपना नाम कटवा रहा हूं, इस हेतु मैं पात्र नहीं हूं। उन्होने बताया कि यहां पर 499 परिवारों का सर्वे होना है, अभी 31 का हुआ है, जिसमें से 2 अपात्र पाये गये। यहां पर ग्रामवासियों ने पानी की समस्या बताते हुए एक तालाब निर्माण की मांग की। कलेक्टर ने स्थल पर जाकर मौका मुआयना भी किया। यहां पर गांव में पानी की मशीन पूर्व में लगाई गई थी, जो कि वर्तमान मं बंद पड़ी है, के संबंध में कहा कि संबंधितों से चर्चा की जायेगी।
अपने भ्रमण के दौरान कलेक्टर ग्राम बनवार पहुंचे यहां पर सत्यापन कार्य की जानकारी ली। सचिव द्वारा बताया गया 360 परिवारों का सत्यापन होना है,यहां पर दो दल गठित किये गये है। जिसमें क्रमश: 49 और 25 परिवारों का सत्यापन हुआ है। सचिव ने यहां पर मौजूद ग्रामीणों को बताया कि खाद्यान पर्ची का सत्यापन चल रहा है, निर्धारित बिन्दुओं पर जानकारी प्रपत्र में संकलित की जा रही है।

यहां पर वरिष्ठ पत्रकार मनोहर शर्मा ने  फिल्टर प्लांट की समस्या रखी। कलेक्टर ने समस्या सुनने के बाद कहा लोक स्वास्थ्य कार्यपालन यंत्री को भेजकर कार्रवाही सुनिश्चित कराई जायेगी। इस दौरान कलेक्टर पंचायत भवन पहुंचे ग्रामीणों से चर्चा की और कहा कि किसी तरह की समस्या हो तो बतायें, फौती-नामांतरण के प्रकरण लंबित तो नहीं है। ग्रामवासियों ने कहा इस तरह की कोई बात नहीं है। ग्राम भ्रमण के दौरान कलेक्टर तहसील कार्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया और कार्यकारी एजेंसी को गति लाने के निर्देश दिये। पुराने उप तहसील भवन का भी अवलोकन किया।

अपने इस भ्रमण के दौरान श्री राठी ग्राम सिमरी पहुंचे। यहां पर 168 परिवारों में से 36 सत्यापन कार्य होना पाया गया। इस दौरान श्री राठी एक ग्रामीण के घर भी पहुंचे जहां सत्यापन का कार्य दल द्वारा किया जा रहा था। उन्होंने दल द्वारा किये जा रहे कार्यो की सराहना भी की। सर्वे दल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी शामिल है, उनसे भी चर्चा की गई। यहां पर बताया गया 14. 28 लाख की लागत से पंचायत भवन का कार्य चला रहा है तथा 8 प्रधानमंत्री आवास बन रहे है।