कलेक्टर ने किया निरीक्षण...50 लाख लागत से बन रही नर्सरी का अवलोकन...निर्माणा-धीन गौशाला का भी जाना हाल।
//नरेंद्र अहिरवार//
नेटवर्क दमोह। कलेक्टर तरूण राठी आज ग्राम तिदौनीं (कुंवरपुर खैजरा) पहुंचे। यहां पर उन्होंने निर्माणाधीन गौशाला का अवलोकन किया। काम प्रगति पर है, तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत डॉ. गिरीश मिश्रा भी साथ में मौजूद रहे।कलेक्टर राठी ने यहां पर उपलब्ध भूमि पर चारागाह विकसित करने के निर्देश दिये। यहां पर गौशाला का संचालन स्व-सहायता समूह के माध्यम से कराये जाने की जानकारी दी गई। आर्गेनिक सब्जी उत्पादन के कार्य योजना पर बात रखी गई। बताया गया कि यहां पर तीन समूह गठित किये गये है, इनमें से एक समूह गौशाला का संचालन, दूसरा समूह किचन गार्डन और तीसरा समूह कैटरिंग कार्य प्रस्तावित है। यहां से कलेक्टर मनरेगा से 50 लाख की लागत से बन रहे नर्सरी का अवलोकन किया। यह एक हैक्टर क्षेत्र में नर्सरी कार्य किया जायेगा, बताया गया स्व-सहायता समूह को लिंक-अप कर लिया गया है। एनआरएल एम के अधिकारियों ने बताया कि 5 समूहों को गठित कर कैटरिंग सहित अन्य कार्यो में संलग्न करने की कार्य योजना है। साथ ही दमोह सहित जनपद मुख्यालयों में स्व-सहायता समूहों को कैंटीन से जोड़ा जायेगा। कलेक्टर ने 27 फरवरी को इस संबंध में प्रस्ताव कार्य योजना बनाकर उनके समक्ष रखने के निर्देश दिये।
यहां पर स्टाप डेम कार्य योजना पर सरपंच सोमेश गुप्ता ने बताया कि स्टाप डेम बन जाने से 9 किलोमीटर तक पानी भरा रहेगा। पंचायत ने यहां पर गार्डन और नाव आदि चलाने की कार्य योजना बना ली है, चूंकि यह ग्राम पंचायत शहर से नजदीक है, यहां पर एक अच्छा पिकनिक स्पॉट बन जाने पर स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्टाप डेम आदि का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। सरपंच ने स्व-सहायता समूहों के कम्प्यूटर और सिलाई प्रशिक्षण सहित अन्य प्रस्तावों पर जानकारी दी। यह भी कहा कि ग्राम के लोग भिक्षावृत्ति में संलग्न है, उन्हें शिक्षा और स्व-रोजगार से जोड़कर आत्म निर्भर किया जा सकता है। इस अवसर पर जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी और तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे।

