Translate

शनिवार, 25 जुलाई 2020

बिजावर। पुलिस टीम पर हमला करने वाले ,6 माह से फरार तीन इनामी आरोपी किए गए गिरफ्तार।

●  थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी के नेतृत्व में हुई कार्यवाही

//जसवंत सिंह यादव//
बिजावर(छतरपुर)। बिजावर थाना क्षेत्र के ग्राम  नयाताल में 18 जनवरी 2020 को अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर लाठी-डंडों पत्थर आदि से हमला कर दिया गया था। साथ ही एक वाहन में तोड़फोड़ भी की गई थी। इस दौरान एक एएसआई और एक आरक्षक को गंभीर चोटें आई थी।  इस बहुचर्चित मामले में पुलिस ने कुल 10 लोगों पर शासकीय कार्य में बाधा ,शासकीय कर्मचारियों से मारपीट, बलवा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। जिसमें से 5 लोग पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे जबकि अन्य 5 लोग फरार हो गए थे। इन फरार 5 लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने  इनाम घोषित किया था। घटना के करीब 6 माह बाद पुलिस को इनमें से तीन लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता मिल गई है। पुलिस को मुखबिर से इनके  गांव वापस आने की जानकारी मिली थी। इस पर एसडीओपी सीताराम अबास्या के निर्देशन में थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी के नेतृत्व में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नयाताल में दबिश दी गई और संबंधित स्थल की घेराबंदी कर पुलिस ने इनामी आरोपी पुष्पेंद्र पुत्र भद्दू  रैकवार 20 साल  ,कल्लू पुत्र कटुआ रैकवार 40 साल ,और श्याम बाई पत्नी कल्लू रैकवार 35 साल को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इस दौरान दल में एएसआई मातादीन साहू, एएसआई दीनानाथ गुप्ता, प्रधान आरक्षक रामप्रसाद राजपूत ,आरक्षक मयंक शुक्ला रज्जन पांडे ,दीपक चौबे ,प्रीतम प्रजापति, ओमप्रकाश , महिला आरक्षक अभिलाषा और प्रिंसी सहित थाने के अन्य पुलिस बल की भूमिका सराहनीय रही।