//राहुल जैन
बक्सवाहा(छतरपुर)। शासन प्रशासन कितने भी बड़े रूप में गरीब तबकों के लिए चाहे कितने ही जनहितकारी कार्य करें मगर छोटे अधिकारियों व कर्मचारियों की मनमानी एवं लापरवाही के चलते तमाम योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक नहीं पहुंच पाता है हालांकि यह कोई नया घटनाक्रम नहीं है कि विभिन्न योजनाओं में लापरवाही बरती जाए अतः शासन द्वारा जारी योजनाओं में मनमाना रवैया अब आम बात हो चली है लेकिन उसी क्रम में शामिल एक और नया मामला जुड़कर सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मामला ग्राम पंचायत घोघरा का है जहां पर विगत महीनों से राशन वितरण ना होने का मामला पिछले दिनों मीडिया प्रकाशन एवं सुर्खियों में छाया रहा तो जिस दौरान उक्त ग्राम के ग्रामीणों द्वारा ज्ञापन सौंपकर मांग भी की गई थी कि उन्हें राशन वितरण कराया जाए. तो वहीं उनके द्वारा यह भी बताया गया था की राशन बांटने वाले सेल्समैन के द्वारा लगातार मनमाना रवैया अपनाया जाता है एवं रेट से अधिक दर पर राशन का तेल बेचा जाता है।
मामले की कार्यवाही करते हुए मंगलवार को खाद्य अधिकारी राकेश कन्हौआ एवं नायब तहसीलदार करन सिंह कौरव जांच करने के लिए ग्राम पंचायत घोघरा पहुंचे जहां पर उन्होंने राशन गड़बड़ी को लेकर हाल जाना तो वही आवश्यक निर्देश दिए।
लेकिन इस दौरान खाद्य अधिकारी एवं तहसीलदार का एक वीडियो भी लोगों से बात करते हुए सामने आया जिसमें स्थानीय ग्रामीणों से कहा जा रहा है कि आप लोग शांतिपूर्ण ढंग से राशन लें अन्यथा राशन लेने के लिए लगभग 7 किलोमीटर दूर बम्हौरी जाना पड़ेगा।