
//जसवंत सिंह यादव//
बिजावर(छतरपुर)। वैश्विक महामारी कोरोना के चलते बुंदेलखंड के केदारनाथ श्री जटाशंकर धाम में इस वर्ष के श्रावण मास पर मंदिर के बाहर से ही दर्शन होंगे ।मंदिर के अंदर भगवान श्री को जल चढ़ाने पर लगी रोक जारी रहेगी. स्नान करने पर मनाही रहेगी. साथ ही प्रसाद चढ़ाने, अगरबत्ती लगाने ,सामूहिक भंडारे व बड़े धार्मिक आयोजनों पर लगी रोक भी श्रावण मास के दौरान भी जारी रहेगी. रविवार को एसपी सचिन शर्मा के साथ एसडीएम डीपी द्विवेदी , एसडीओपी सीताराम अवास्या रविवार को श्री जटाशंकर धाम पहुंचे | यहां मंदिर में दर्शन करने के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने शिव धाम की व्यवस्थाओं ,आने वाले श्रद्धालुओं ,आयोजनों आदि की विस्तार से जानकारी ली, साथ ही व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए, यहां पर एसपी ने बताया कि शासन की गाइडलाइन अनुसार ही भक्तों को दर्शन की व्यवस्था होगी इसके लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
इस दौरान न्यास अधीक्षक जेपी खरे ,शाहगढ़ थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह ,जटाशंकर चौकी प्रभारी के एल दुबे मौजूद रहे। गौरतलब है कि श्रावण मास में श्री जटाशंकर धाम में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते रहे हैं | यहां श्रावण सोमवार के दिन करीब 60 से 70 हजार लोग पहुंचते रहे हैं | इसके अलावा पूरे माह भर पार्थिव शिवलिंग निर्माण सहित अनेक धार्मिक आयोजन के अलावा वृहद स्तर पर भंडारों का आयोजन भी होता रहा है। लेकिन इस बार इन सब पर रोक रहेगी।