नेटवर्क छतरपुर। उच्च शिक्षा विभाग ,मप्र शासन द्वारा सभी संकायों की स्नातक प्रथम वर्ष की कॉलेज लेविल काउंसलिंग(सी एल सी) द्वितीय एवं अंतिम चरण की ई- प्रवेश प्रक्रिया आज गुरुवार 1 अक्टूबर 20 से प्रारम्भ हो गई है।इस प्रक्रिया के तहत उच्च शिक्षा विभाग आज ने एक आज एक अक्टूबर गुरुवार को मध्यान्ह सभी संकायों में स्नातक प्रथम वर्ष की ओपन श्रेणी की सभी रिक्त सीटों को भरने के लिए विद्यार्थियों की मेरिट लिस्ट जारी की, जो अंतिम तिथि तक या सीटें खाली रहने तक प्रतिदिन जारी होगी। आज जारी मेरिट लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम मनपसंद कॉलेज के लिए आया, उनके चेहरे खुशी से खिल उठे । अब ऐसे विद्यार्थियों को हर हाल में अगले दिन पूर्वान्ह 11 बजे तक अपना शुल्क डिजिटली ऑनलाइन जमा करना होगा।जो विद्यार्थी इस निर्धारित समयावधि में अपना शुल्क जमा नहीं कर पाएंगे, उनका नाम मेरिट लिस्ट जारी होने के अगले दिन पूर्वान्ह 11 बजे मेरिट लिस्ट से स्वतः विलोपित हो जाएगा और वे प्रवेश से वंचित हो जाएंगे।निर्धारित समय में प्रवेश न लेने वाले छात्र से रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए प्रत्येक अगले दिन दोपहर 12 बजे उच्च शिक्षा विभाग नवीन क्रम की मेरिट लिस्ट जारी करेगा।
मीडिया कार्डिनेटर डॉ. सुमति प्रकाश जैन के मुताबिक प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम चरण में उच्च शिक्षा विभाग ने सभी रिक्त सीटें ओपन श्रेणी में तब्दील कर आज जो मेरिट लिस्ट जारी की है, उसमें विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश का कट ऑफ काफी नीचे तक आ जाने से कम अंक पाने वालों को भी प्रवेश मिल सकेगा। प्रथम वर्ष बी. ए. में 67.64, बी. कॉम. में 57, बी. कॉम. कंप्यूटर में 48 प्रतिशत जैसे कम अंक पाने वाले धैर्यवान छात्र छात्राओं का नाम मेरिट लिस्ट में शामिल है।इसी प्रकार प्रथम वर्ष बी. एस- सी. बायलॉजी में 64.40, बी. एस- सी. बॉटनी,केमिस्ट्री, इंडस्ट्रीयल माइक्रो बायलॉजी में 66, बी.एस-सी बॉटनी, केमिस्ट्री, जिओलॉजी में 53, बी.एस-सी. केमिस्ट्री,जिओलॉजी,जूलॉजी में 51.40 प्रतिशत तक प्राप्तांक वालों का नाम आज जारी मेरिट सूची में शुमार है। सर्वाधिक लोकप्रिय और चाहे जाने वाले बी.एस-सी. पीसीएम ग्रुप की मेरिट काफी नीचे 68.40 , बीएससी केमिस्ट्री, जूलॉजी, कंप्यूटर एप्लिकेशन में 53.80, बीएससी कंप्यूटर साइंस में 76.60 एवं बी.एस-सी. फिजिक्स,जिओलॉजी, मैथ में 58.40 प्रतिशत तक मेरिट नीचे आने से कम मार्क्स पाने वाले अनेक विद्यार्थियों को भी अपने मनचाहे महाराजा कॉलेज , छतरपुर में प्रवेश का मौका मिल गया है।
प्राचार्य डॉ. डी.पी. शुक्ला के अनुसार मेरिट लिस्ट में आए आवेदक ई प्रवेश पोर्टल पर अपने लागिन से विकल्प के महाविद्यालयों द्वारा एक्टिव किए गए पाठ्यक्रमों में से किसी एक का चयन कर अगले दिन पूर्वान्ह 11 बजे तक ऑनलाइन भुगतान कर अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेंगे। प्रदेश भर के शासकीय,अनुदान प्राप्त एवं अशासकीय कॉलेजों में छात्रों के प्रवेश की अंतिम चरण की यह प्रक्रिया 7 अक्टूबर 20 तक चलेगी। इसी प्रकार उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 7 से 12 अक्टूबर तक स्नातकोत्तर( पीजी) कक्षाओं में प्रवेश की प्रकिया सम्पन्न होगी।