किसानों की दशा और दिशा बदलने को रहेंगे तत्पर: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
//रत्नेश जैन//
बकस्वाहा(छतरपुर)। बड़ा मलहरा विधानसभा में 03 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने बकस्वाहा आए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कमलनाथ और उनकी पार्टी मुझे एक गरीब परिवार में जन्म लेने के लिए तिरस्कारित करती है ,परंतु मैं भूखा और गरीब इसी मध्यप्रदेश की धरती पर ही जन्मा हूं और यहां जनता की सेवा करते हुए ही मरूंगा , लेकिन तुम तो मध्यप्रदेश के ही नहीं हो इसलिए तुम्हारा प्रमुख उद्देश्य पद पर रहते हुए व्यापार करना रहा क्योंकि तुम एक उद्योगपति हो ना कि कोई जनसेवक , मेरा प्रमुख उद्देश्य जनता की सेवा करना था और जीवन पर्यंत रहेगा।
आज मुख्यमंत्री की बकस्वाहा मे हुई इस सभा में मध्य प्रदेश शासन के मंत्री गोपाल भार्गव, सांसद वीरेंद्र कुमार, प्रदेश महामंत्री हरिशंकर खटीक , संगठन मंत्री केशव सिंह भदोरिया, पूर्व मंत्री ललिता यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष मलखान सिंह चौहान, भाजपा प्रत्याशी प्रदुमन सिंह लोधी, चंदला विधायक राजेश प्रजापति, टीकमगढ़ विधायक राकेश गिरी, पवई विधायक प्रहलाद लोधी, पूर्व विधायक रेखा यादव, पुष्पेंद्र नाथ पाठक, विजय बहादुर सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉक्टर घासीराम पटेल आदि प्रमुख नेतागण मंचासीन रहे। जनसभा को मुख्यमंत्री के अलावा अन्य नेताओ द्वारा भी संबोधित किया गया सभी ने एक साथ अपील करते हुए भाजपा प्रत्याशी प्रदुमन सिंह लोधी को वोट देकर विजय बनाने के लिए जनता से विनम्र आग्रह किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारी पूर्व सरकार ने गरीबों के हित में संबल योजना को प्रारंभ किया था, जिसमें गरीबों के कल्याण हेतु बहुत सी सुविधाएं प्रदान की जाती थी। परंतु कमलनाथ सरकार द्वारा तत्काल प्रभाव से इस गरीब जनता के हित की योजना को बंद कर दिया गया। जिसके परिणाम स्वरूप स्कूल कॉलेजों में पढ़ने वाले हमारे गरीब छात्र छात्राएं जिनकी पढ़ाई लिखाई का पूरा खर्च प्रदेश सरकार इस योजना के अंतर्गत वहन करती थी वह बंद कर दिया गया। प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं को मिलने वाली लैपटॉप योजना को भी उन्होंने बंद कर दिया। परंतु जब हमारी पुनः सरकार प्रदेश में सरकार बनी तो हमने पुनः इन सभी सुविधाओं को लागू करते हुए संबल योजना को अस्तित्व में लाया । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अभी हाल ही में उप चुनाव हेतु कांग्रेस पार्टी का जारी किया गया घोषणा पत्र को सबसे बड़ा मजाक बताया और कहा कि ऐसा ही घोषणा पत्र पूर्व में विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस पार्टी लेकर आई थी जिसका एक भी वचन इनकी सरकार में पूरा नहीं किया गया । कर्ज माफी के चलते किसानों को डिफाल्टर होना पड़ा और जो हमारी सरकार में 0% पर कर्ज किसानों को दिया जाता था उस पर भी ब्याज दिया गया। कर्ज माफी तो दूर की बात है इन्होंने किसानों को गेहूं खरीदी पर बोनस देने का वादा किया था वह भी पूरा नहीं किया। युवाओं को रोजगार देने के साथ ही बेरोजगारी भत्ता देने की बात की गई थी परंतु प्रदेश में एक भी नौजवान को रोजगार नहीं मिला और ना ही बेरोजगारी भत्ता मिला।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा की बड़ा मलहरा विधानसभा क्षेत्र में काठन सिंचाई परियोजना क्षेत्र और किसानों के विकास में मील का पत्थर साबित होगी जो किसानों की दशा और दिशा दोनों को बदल के रख देगी ।
• प्रत्याशी की मायूसी बनी प्रश्नचिन्ह?
सी एम शिवराज सिंह के आने के 2 घंटे पूर्व मंच के पास मायूस घूम रहे भाजपा प्रत्याशी प्रदुमन सिंह लोधी का मायूस चेहरा लोगों को खटकता रहा । दर्शक दीर्घा में उपस्थित लोग कहते नजर आए कि जैसी करनी वैसी भरनी और जनता के साथ किया धोखा,अपमान ,लोकतंत्र पर किया आघात अब बर्दास्त नहीं होगा ।
क्षेत्रीय मतदाता रहे नदारद,नेताओं के बार बार पूछने के बाद भी मतदाता साधे रहे चुप्पी।
मुख्यमंत्री की जनसभा में भाजपा की आशा के विपरीत नजर आई क्षेत्रीय भीड़ , क्षेत्रीय मतदाताओं मे नही दिखा उत्साह ।
आचार संहिता एवं सोशल डिस्टेंस को किया दरकिनार
