//अम्मू सोनी//
बक्सवाहा(छतरपुर)। शासकीय नवीन महाविद्यालय बकस्वाहा में "स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना" के अन्तर्गत 29 अक्टूबर को एकदिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री शिवम शुक्ला और सेमिनार के संयोजक महाविद्यालय के ट्रेनिंग एण्ड प्लेसमेंट आफीसर डा० नीरज कुमार रहे। संयोजक डा० नीरज कुमार, सहायक प्राध्यापक वनस्पति शास्त्र; ने विभिन्न अल्पावधि प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं इससे रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। अगले वक्ता के रूप में श्री अवधेश प्रताप सिंह सहायक प्राध्यापक समाजशास्त्र ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी एवं साक्षात्कार प्रक्रिया पर अपने विचार व्यक्त किये। अगली कड़ी में महाविद्यालय की श्रीमती श्रद्धा राठौर सहायक प्राध्यापक इतिहास, ने भारत की विभिन्न सामासिक संस्कृति एवं इसके ऐतिहासिक महत्व पर व्याख्यान दिया। डा० मुकेश कुमार पटेल, सहायक प्राध्यापक प्राणी शास्त्र; ने महामारी एवं मानव स्वास्थ्य पर बात रखते हुए कोविड-19 एवं अन्य महामारी पर विस्तार से चर्चा की । अगले वक्ता के रूप में डा० प्रदीप कुमार अहिरवाल, सहायक प्राध्यापक भौतिकी ने वक्तृता एवं नेतृत्व क्षमता पर चर्चा करते हुए सफल उद्यमी बनने के लिए विद्यार्थियों को अपनी नेतृत्व क्षमता पहचान कर इसे विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में डा० मनोज कुमार चौरसिया सहायक प्राध्यापक राजनीति शास्त्र; ने हमारा नागरिकता बोध एवं नागरिक कर्त्तव्यों पर अपना सारगर्भित उद्बोधन दिया। श्री कैलाश कुमार रजक सहायक प्राध्यापक हिन्दी, ने आलस्य हमारा परम शत्रु है; पर संबोधित करते हुए आलस्य को विद्यार्थी के समग्र विकास में बाधक बताया और विद्यार्थियों को इससे बचने के लिए प्रेरित किया।
अंत में डा० नीरज कुमार, प्रभारी स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना ने सभी वक्ता प्राध्यापकों का आभार प्रदर्शन किया। इस सेमिनार कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र एवं छात्राएँ भारी संख्या में उपस्थित रहे।