Translate

शनिवार, 11 जून 2022

छतरपुर। जिला पंचायत सदस्य के 22 पद के लिए 221, जनपद पंचायत सदस्य के 186 पद के लिए 01 हजार 352, सरपंच के 555 पद के लिए 04 हजार 898 अभ्यर्थी लड़ेगें चुनाव।


•  पंच के 09 हजार 508 पद के विरूद्ध दाखिल हुए 11 हजार 204 नाम निर्देशन पत्र।

नेटवर्क छतरपुर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि छतरपुर जिले में त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच एवं पंच पद के लिए उम्मीदवार तय हो गए हैं। जिला पंचायत सदस्य के 22 पदों के लिए 221 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेगें। नामांकन की अंतिम तिथि तक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में कुल 273 नाम निर्देशन पत्र अभ्यर्थियों द्वारा दाखिल किए गए थे। संवीक्षा के दौरान 12 नामांकन पत्र निरस्त किए गए और 40 अभ्यर्थियों द्वारा अभ्यर्थिता से नाम वापस लिया गया।

इसी तरह सभी 8 जनपद पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के 186 पद के विरूद्ध 1 हजार 497 नामांकन दाखिल किए। संवीक्षा में 5 नामांकन निरस्त किए गए। जबकि 140 अभ्यर्थियों ने अभ्यर्थिता से नाम वापस लिए। जनपद पंचायत सदस्य पद के लिए अब 1 हजार 352 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेगें। जनपद पंचायत लवकुशनगर के निर्वाचन क्षेत्र बछौन में नाम वापसी प्रक्रिया के बाद 1 अभ्यर्थी शेष रहने के कारण जनपद पंचायत सदस्य का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।

छतरपुर जिले में सरपंच के 559 पद के लिए नामांकन की अंतिम तिथि तक 5 हजार 915 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए थे। संवीक्षा में 30 नामांकन निरस्त होने के बाद 987 नाम निर्देशन पत्र अभ्यर्थियों द्वारा वापस लिए गए। अब 4 हजार 898 अभ्यर्थी सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ेगें। राजनगर और बड़ामलहरा जनपद पंचायतों की 1-1 ग्राम पंचायत में सरपंच का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। जबकि राजनगर और बिजावर जनपद पंचायतों की 1-1 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए किसी भी अभ्यर्थी द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किया गया। इस तरह 555 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए वोट डाले जाएंगें।

559 ग्राम पंचायतों में पंच के 9 हजार 508 पद के विरूद्ध 11 हजार 204 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए थे। संवीक्षा और नाम वापसी प्रक्रिया के बाद 10 हजार 534 नामांकन पत्र विधिमान्य पाए गए। पंच के 6 हजार 981 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है। पंच पद के 1 हजार 660 पद के लिए मतदान होगा। अभ्यर्थियों की संख्या 3 हजार 597 है। जबकि पंच के 866 वार्ड रिक्त घोषित किए गए है।

त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के तहत चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को नाम वापसी प्रक्रिया के बाद प्रतीक चिन्ह आवंटन की कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। अब विकासखण्डवार आगामी 25 जून, 1 जुलाई और 8 जुलाई को सुबह 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक मतदान होगा।