Translate

शनिवार, 28 जनवरी 2023

VIDEO:- शासन ने शिक्षा के मंदिर को किया बंद.... अब गांव के शिक्षित युवाओं की पहल....मिलकर संवारेंगे बच्चों का भविष्य...बक्सवाहा क्षेत्र का मामला।

//शिवराम अठ्या//

बक्सवाहा(छतरपुर)। तरक्की विकास और बेहतरी जैसे शब्द सिर्फ शहरों को ही शोभायमान प्रतीत होते हैं, साहब! गांवों से इसका नाता कहाँ?

             बुंदेलखंड अंचल के एक छोटे से गांव लहरपुर में संचालित स्कूल को शासन ने संचालित बंद कर दिया था. जो आज भी बंद है।

         जिसके लिए अब गांव के शिक्षित युवाओं ने नवाचारी पहल की शुरुआत की है. जो अब स्वयं ही गांव के बच्चों को पढ़ाने का कार्य करेंगे।

दरसल पूरा मामला छतरपुर जिले के बक्सवाहा जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सनौदा का है. जो ग्राम सागर जिले की सीमा पर स्थित है. जहां पर पहले कक्षा 05 वीं तक स्कूल संचालित होता था. परंतु कुछ वर्ष पूर्व पर्याप्त विद्यार्थी ना होने के कारण बंद कर दिया गया और आज तक बंद है।

          अब गांव के बच्चों को पढ़ाई करना है तो उन्हें दुर्गम रास्ता पार कर दूसरे गांव जाना होता है या फिर पढ़ाई से नाता तोड़ना होता है।

ग्राम के छोटे-छोटे बच्चों का भविष्य संवारने का जिम्मा गांव के ही शिक्षित युवा राम सिंह यादव, कैलाश यादव, नंदकिशोर यादव, राजेश यादव, प्रकाश यादव, भगीरथ यादव, लखन यादव, राकेश यादव के अलावा पर्वत, बल्लू , रामेश्वर एवं बिर्जेंद्र ने ले डाला है. जो अब छोटे छोटे बच्चों को स्वयं ही पढ़ाएंगे।

              युवाओं ने बताया कि गांव में करीब 03 दर्जन बच्चे ऐसे है जो असल में शिक्षा से वंचित हैं. ऐसे में उन्हें शिक्षित करना हमारी जिम्मेदारी है, और साथ ही हम शासन से इसका निवेदन कर रहे हैं कि बंद पड़े स्कूल को पुनः सुचारू रूप से शुरु किया जाए।

इनका कहना है कि....

"इस मामले में हमें किसी भी तरह की लिखित जानकारी नही मिली है, अतः लिखित जानकारी प्राप्त होने पर संबंधित विषय पर जाँच करवाकर शासन को प्रतिवेदन भेजा जाएगा।"

राहुल सिलाडिया, अनुविभागीय अधिकारी बिजावर