नेटवर्क दमोह। मध्यप्रदेश शासन पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के युवाओं को विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने की योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस संबंध में सहायक संचालक पिछड़ावर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण दमोह ने बताया योजना अंतर्गत कंस्ट्रक्शन सेक्टर के लिए चयनित पिछड़ा वर्ग के युवाओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम वर्तमान में संचालित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की इस महत्वकांक्षी योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रदेश की पिछड़ा वर्ग की 120 युवतियों को केयर वर्कर जॉब रोल पर एवं पिछड़ा वर्ग के 80 युवाओं को कंस्ट्रक्शन सेक्टर अंतर्गत रोजगार के लिए इंटर्न के रूप में 03 से 05 वर्षों के लिए जापान भेजा जायेगा।
उन्होंने बताया योजना के तहत आवेदन में शैक्षणिक योग्यता में शिथिलता प्रदान की गई है जिसके अनुसार केयर वर्कर (केवल महिला प्रतिभागियों के लिए) शैक्षणिक योग्यता मध्य प्रदेश का पिछड़ा वर्ग का किसी भी संकाय से स्नातक उत्तीर्ण निर्धारित की गई है जो कि पूर्व में एएनएम जीएनएम/बीएससी नर्सिंग/ जीडी उत्तीर्ण निर्धारित की गई थी, केयर वर्कर हेतु 115 सीट्स शेष है। कंस्ट्रक्शन (केवल पुरुष प्रतिभागियों के लिए) शैक्षणिक योग्यता पूर्वानुसार आईटीआई/ पॉलिटेक्निक उत्तीर्ण निर्धारित है, इस हेतु 25 सीट्स शेष है।
पात्र आवेदक 31 जुलाई 2023 तक आवेदन जिला कार्यालय में जमा करा सकते है।