छात्रो को पन्ना राष्ट्रीय उद्यान के शैक्षणिक भ्रमण करने का मिलेगा मौका।
छतरपुर। स्थानीय शासकीय महाराजा महाविद्यालय का वनस्पतिशास्त्र विभाग पन्ना राष्ट्रीय उद्यान का एकदिवसीय शैक्षणिक भ्रमण करेगा।जिसके लिए पन्ना राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन तथा महाविद्यालय से औपचारिक अनुमति प्राप्त करने की कार्यवाही पूरी कर ली गई है।
विभागाध्यक्ष डाॅ मंजूषा सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि इस एकदिवसीय वानस्पतिक शैक्षणिक भ्रमण को डाॅ पी के खरे व डाॅ अमिता अरजरिया के संचालन में महाविद्यालय से सुबह 7 बजे पन्ना राष्ट्रीय उद्यान के लिए रवाना किया जाएगा।
जिसमें एम एस सी फाइनल,एम एस सी प्रिवियस व बी एस सी फाइनल के विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं।इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय उद्यान में पाए जाने वाले पेड़-पौधों की वानस्पतिक जानकारी व महत्व,उद्यान का पारिस्थितिक तंत्र,क्षेत्रीय शैवालों,कवकों व अन्य छोटी वनस्पति की पहचान व सूक्ष्मदर्शी से अध्ययन,जलवायु परिवर्तन व अन्य कारणों से राष्ट्रीय उद्यान पर पड़ रहे दुष्परिणामों की पहचान व समाधान सहित वनस्पतिशास्त्र से संबंधित कई तथ्यों से भी अवगत कराया जाएगा।वहीं शैक्षणिक भ्रमण को लेकर विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।शैक्षणिक भ्रमण में शामिल होने जा रहे सत्येंद्र तिवारी,भरत यादव,मदन साहू सहित विभाग के सभी विद्यार्थियों ने विभाग के द्वारा उठाए गए इस कदम को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए,इसके लिए आभार प्रकट कर धन्यवाद ज्ञापित किया है।