//रितिक राज शाह//
नेटवर्क इंदौर। एमपी के इंदौर में सड़क किनारे एक लाश मिलने के मामले में आज खुलासा हुआ है। मृतक की पत्नी और भांजे ने प्रेम प्रसंग और शराब की बुरी आदत से परेशान होकर उसे मौत के घाट उतारा था। इस वारदात में उन दोनों के साथ आरोपी भांजे के कुछ साथी भी शामिल थे। इस वारदात में शामिल दो आरोपी बालिग़ है तथा चार नाबालिग शामिल हैं।
डीसीपी ने बताया....
एडिशनल डीसीपी इंदौर अभिनव विश्वकर्मा ने बताया कि द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में आज एक रूपसिंह राठौर नाम के शख्स की लाश बरामद हुई थी। इस मामले में दुर्घटना के साक्ष्य नहीं मिले थे जिसके बाद जांच के दौरान मृतक के भांजे से पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ पर आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भी जानकारी दी जिसके बाद उसके सभी साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामी के साथ मिलकर की थी मामा की हत्या
आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतक की पत्नी उसके शराब पीने से परेशान थी। इस वजह से उसने मामी के साथ मिलकर मामा की हत्या कर दी। आरोपी ने अपने कुछ दोस्तों को 20 हजार रुपए देकर हत्या में शामिल होने के लिए कहा था। इसके बाद सभी ने मिलकर प्लान बनाया। आरोपियों ने वीडियो कॉल के माध्यम से हत्या की साजिश रची थी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
आरोपियों ने सोने के दौरान पहले तकिये से मृतक का मुंह दबा दिया और फिर इसके बाद उसके सिर में पत्थर से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद इसे दुर्घटना दिखाने के लिए उसकी लाश को स्कूटी में बैठाकर दूर ले गए और उसे इस तरह रख दिया गया जैसे किसी दुर्घटना में उसकी मौत हुई है। आरोपियों ने खून से सने कपड़े को भी छिपा दिया था।
फिलहाल हत्या की वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है। पत्नी को हिरासत में लिया जाना बाकी है। इस मामले में पूछताछ जारी है।