//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
नेटवर्क छतरपुर। जिले में टोल प्लाजा पर एक विवाद का मामला सामने आया है जहां एक शख्स ने टोल प्लाजा में कर्मचारियों के साथ गुंडागर्दी की। इतना ही नहीं युवक ने विधायक की गाड़ी बताकर कर्मचारियों के साथ गाली गलौज करते हुये धमकी भी दी है। पूरा मामला गुलगंज थाना क्षेत्र के मुगवारी टोल प्लाजा का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत देर रात तुलसी लोधी नामक युवक (जिसे बड़ामलहरा से कांग्रेस विधायक रामसिया भारती का समर्थक बताया जा रहा है) जो टोल प्लाजा पार कर निकल रहा था। इस दौरान गाड़ी निकालने को लेकर टोलकर्मी और उनके बीच बहस हो गई युवक ने बहस के दौरान विधायक की गाड़ी बताकर कर्मचारियों को गाली देना शुरू कर दिया। इस बीच वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
इस संबंध में छतरपुर जिला पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि उक्त गाली गलौज के संबंध में गुलगंज थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। 02 नामजद आरोपियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 294, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि टोल में आए दिन रसूखदार और नेताओं से पहचान बनाने वाले शख्स अपनी पहुंच दिखाकर बिना पैसे दिए निकलने का प्रयास करते हैं। रोके जाने पर कर्मचारियों से मारपीट के भी कई मामले अब तक सामने आ चुके हैं।