Translate

सोमवार, 18 मार्च 2024

KCC ऋण में करोड़ों का भ्रष्टाचार!!.....सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधकों को बदला...छतरपुर का मामला।

हमारे वाट्सएप ग्रुप में जुड़िये।  👇

//विन्द्रावन विश्वकर्मा//

नेटवर्क छतरपुर। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की विभिन्न शाखा प्रबंधको के द्वारा किसानों के नाम पर किए गए केसीसी घोटाले के आरोप में निलंबित बकस्वाहा शाखा प्रबंधक रवि गोस्वामी के स्थान पर जगन्नाथ प्रसाद राजपूत को नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार नौगांव के शाखा प्रबंधक को हटाकर देवेन्द्र कुमार सोलंकी को नया शाखा प्रबंधक पदस्थ किया गया है। 

गौरतलब हो कि केन्द्रीय सहकारी बैंक की विभिन्न शाखाओं में किसानों को केसीसी लोन और मुख्यमंत्री कृषि ऋण योजना के तहत मिलने वाली अनुदान राशि में जिलेभर में व्यापक पैमाने पर धांधली की गई है। बिजावर के शाखा प्रबंधक अजय असाटी के द्वारा गुलगंज सोसायटी में लगभ्ग 03 करोड़ 90 लाख रुपए के केसीसी घोटाले का आरोप जांच में सिद्ध हुआ है। पूरे जिले में किसानों के साथ जो धोखाधड़ी की गई है, अब उसकी पर्ते दिन व दिन निकल रही हैं। किसानों को ऋण माफी योजना में भी ईशानगर ब्रांच एवं बकस्वाहा ब्रांच के अलावा अन्य ब्रांचों में भी घोटाला हुआ है और शाखा प्रबंधकों ने किसानों के नाम पर किसानों को मिलने वाली ऋण माफी योजना की राशि निकाल ली है।

 सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कई मृतक किसानों के नाम पर भी यह राशि निकाली है। सहकारिता विभाग के जुड़े अधिकारियों की मिली भगत से यह खेल खेला गया है। और भोले भाले किसानों को यह पता नहीं कि उन्होंने कब बैंक से ऋण लिया और कब उनके नाम के ऋण को चुका दिया गया और ऋण माफी की राशि शाखा प्रबंधकों ने अपने खाते में डालकर निकाल ली है। 

यदि इन भी शाखा प्रबंधकों की लोकायुक्त पुलिस से जांच कराई जाए तो ये सभी शाखा प्रबंधक जेल की सलाखों के अंदर होंगे। 

फिलहाल जिला सहकारी बेंक के प्रशासक वर्तमान में कलेक्टर संदीप जी आर हैं और वे लगातार इन घोटालों की जांच जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से करा रहे हैँ।

 सहकारी बैंक के कई शाखा प्रबंधक जांच के दायरे में आने के बाद दोषी होंगे और उन पर आवश्यक कार्यवाही होगी।

वहीं इस संबंध में सहकारी बैंक के महाप्रबंधक सुवेश रावत का कहना है कि जिन्होंने भी किसानों के साथ धोखाधड़ी की है उनको बख्शा नहीं जाएगा और उनसे वसूली कर किसानों को दिलवाई जाएगी।