Translate

शनिवार, 17 अगस्त 2024

औचक निरीक्षण में BEO बने शिक्षक!!...शिक्षा सुधार के लिए सत्यम चौरसिया का विशेष प्रयास।

//नवनीत जैन, रूपेश जैन//

बक्सवाहा(छतरपुर)। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सत्यम चौरसिया द्वारा विद्यालयों में शिक्षा स्तर को सुधारने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लगातार विद्यालयों में चल रही गतिविधियों पर नजर रखी है और इन्हीं प्रयासों के तहत शासकीय माध्यमिक शाला कुडाजनी का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान सत्यम चौरसिया स्वयं अध्यापक की भूमिका में नजर आए, जहां उन्होंने बच्चों को गणित और अंग्रेजी का पाठ पढ़ाया। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) के बारे में जानकारी दी और बताया कि मीनू के हिसाब से खाना परोसा जाना चाहिए। 

उन्होंने विद्यालय की साफ-सफाई और एमडीएम की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी वहां उपस्थित शिक्षक को दिए। इस दौरे के बाद, बीईओ सत्यम चौरसिया ने स्कूल चलो अभियान को गति देने के क्रम में शासकीय नवीन माध्यमिक शाला खेजरा का दौरा किया। उन्होंने वहां शिक्षकों की उपस्थिति की जांच की और स्कूल की व्यवस्थाओं और पढ़ाई के स्तर का भी आकलन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की क्षतिग्रस्त बिल्डिंग का मुआयना किया और वहां उपस्थित शिक्षकों को सख्त हिदायत दी कि बच्चों की पढ़ाई और समय पर विद्यालय आने-जाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

सत्यम चौरसिया ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर नतीजे लाने के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने बताया कि कुछ स्कूलों में मध्यान्ह भोजन की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते उन्होंने कुडाजनी और खेजरा स्कूल का निरीक्षण किया। कुडाजनी स्कूल में एक ही शिक्षक पदस्थ है, जो बच्चों की संख्या के हिसाब से पर्याप्त नहीं है, और स्कूल की छत से पानी टपकने की समस्या है, जिसकी सूचना विभाग को दे दी गई है।

आगे की योजनाओं के तहत, सत्यम चौरसिया ने स्पष्ट किया कि ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार हो और शासन की मंशा के अनुसार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके।