Translate

शुक्रवार, 16 अगस्त 2024

जिला शिक्षा अधिकारी का औचक निरीक्षण!!...शिक्षकों की मनमानी पर लगेगी लगाम।

//नवनीत जैन, रूपेश जैन//

बक्सवाहा(छतरपुर)। पिछले कुछ समय से बक्सवाहा मुख्यालय और उसके आसपास के गांवों में संचालित शासकीय विद्यालयों से शिक्षकों की मनमानी और अनुशासनहीनता की खबरें लगातार सुर्खियों में थीं। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए, जिला शिक्षा अधिकारी एम.के. कोटार्य ने शुक्रवार को बक्सवाहा विकासखंड के आधा दर्जन से अधिक स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान, उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यालय परिसर की सफाई, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, और अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। इस दौरान, बक्सवाहा बस स्टैंड स्थित कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की जर्जर इमारत का भी मुआयना किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य को इमारत के नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि आगे की प्रक्रिया के तहत इमारत को डिस्मेंटल कर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

स्कूल देर से पहुंचने वाले शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यालय में देरी से पहुंचने वाले शिक्षकों की अब खैर नहीं है। सभी शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों की शिक्षा के स्तर में सुधार हो सके। उन्होंने आगे कहा कि बीआरसी, डीपीसी, बीईओ के साथ-साथ उनके द्वारा भी निरंतर निरीक्षण जारी रहेगा। जो भी शिक्षक अनियमितता में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

श्री कोटार्य ने बताया कि कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल बक्सवाहा का निरीक्षण करते समय पाया गया कि स्कूल के कुछ कमरे क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और ध्वस्त होने की स्थिति में हैं। यदि इन्हें शीघ्र ही गिराया नहीं गया, तो कोई अप्रिय घटना घट सकती है। प्राचार्य को निर्देशित किया गया है कि राज्य शिक्षा केंद्र के इंजीनियर से प्रपोजल बनवाकर डिस्मेंटल की कार्यवाही के लिए प्रस्तुत करें, जिसे आगे पीडब्ल्यूडी को भेजा जा सके। इसके मूल्यांकन के बाद इमारत को सुरक्षित रूप से डिस्पोज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।