//नवनीत जैन//
बक्सवाहा(छतरपुर)। शनिवार सुबह नौ बजे से बक्सवाहा तहसील कार्यालय के सामने जबलपुर-छतरपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर घंटों तक चक्का जाम किया गया। यह मामला बक्सवाहा थाना क्षेत्र के ग्राम सेडारा का है, जहां 16 अगस्त की रात 45 वर्षीय कलू लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी से मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने इस घटना के विरोध में जबलपुर-छतरपुर नेशनल हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
नेशनल हाईवे पर लगे इस जाम को खुलवाने के लिए तहसीलदार भरत पांडे, थाना प्रभारी कृपाल सिंह मार्को और नैनागिर एसआई कादर खान ने परिजनों से बातचीत की। इसके बाद एसडीओपी बड़ा मलहरा रोहित अलावा ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत कर जाम खुलवाया।
मृतक के रिश्तेदार मुलू लोधी ने बक्सवाहा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बहन गीता लोधी ने फोन पर सूचित किया कि गांव के कुछ व्यक्तियों के साथ विवाद हुआ है। गीता की सूचना पर मुलू लोधी जब घर की ओर जा रहे थे, तो रास्ते में गोपाल लोधी के घर के सामने जामुन के पेड़ से उनके जीजा कलू लोधी को फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया।
परिजनों का कहना है कि चार महीने पहले मृतक के बेटे की आत्महत्या की जांच अभी तक पूरी नहीं हुई है। वहीं, बीती रात हुई एक और संदिग्ध आत्महत्या से परिजनों का पुलिस की कार्यशैली पर भरोसा टूट चुका है। इसी वजह से उन्होंने एसडीओपी बड़मलहारा को मौके पर बुलाने की मांग रखी।
कई घंटों के इंतजार के बाद एसडीओपी बड़ा मलहरा मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। एसडीओपी बड़ा मलहरा ने बताया कि पुराने मामले की जांच जारी है और उसकी रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मृतक कलू लोधी के मामले में भी पुलिस टीम को सेडारा भेजा गया है, और जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उस पर उचित कार्यवाही की जाएगी।
