//नरेंद्र अहिरवार//
नेटवर्क दमोह। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत डी.ओ. खाद्य सुरक्षा प्रशासन राकेश अहिरवाल के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया ने आगामी रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित मिठाइयां एवं अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दमोह शहर के विभिन्न मिठाई दुकानों एवं मिष्ठान निर्माण स्थलों में निरीक्षण कार्यवाही करते हुए ग्राम आम चोपरा, जबलपुर रोड स्थित गुजरात स्वीट्स के निर्माण स्थल मनसुख फूड प्रोडक्ट्स से काजू कतली, बकौली चौक स्थित गुजरात नमकीन भंडार से मिल्क केक एवं सत्कार लॉज के पास स्थित राजस्थान मिष्ठान भंडार से मूंग मावा बर्फी के नमूनें जांच हेतु लिए गये। उक्त मिठाईयों के नमूनों को गुणवत्ता जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गये है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर इस संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सभी मिठाई दुकानों/मिष्ठान निर्माण स्थलों में खाद्य लाइसेंस की प्रति मौके पर पाई गई। गुजरात स्वीट्स के निर्माण स्थल मनसुख फूड प्रोडक्ट्स में कार्यरत कर्मचारियों को एप्रन, हेड कवर एवं हैंड ग्लव्स का उपयोग करते हुए मौके पर पाया गया है। गुजरात नमकीन भंडार में कार्यरत कर्मचारियों का वार्षिक मेडिकल परीक्षण कराने के मौके पर निर्देश दिए गए हैं। सभी मिठाई दुकानों एवं मिष्ठान निर्माण स्थल पर फूड हाईजीन का स्तर अच्छा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। मौके पर मैजिक बॉक्स की सहायता से दूध, खोवा, मगज लड्डू, मावा बर्फी, मिल्क केक, मूंग बर्फी, पेड़ा, मलाई बर्फी, मोतीचूर लड्डू एवं फूड कलर की गुणवत्ता की जांच की गई है।