Translate

शुक्रवार, 23 अगस्त 2024

अवैध शराब का धंधा फल-फूल रहा!!...जिम्मेदारों की मिलीभगत पर सवाल?

भगवती मानव कल्याण संगठन की मुहिम: एक दिन में तीन जगहों पर पकड़ी गई अवैध शराब।

//नवनीत जैन, रूपेश जैन//

बकस्वाहा(छतरपुर)। बकस्वाहा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शराब माफियाओं की सक्रियता के चलते अवैध शराब की बिक्री जोरों पर है। इस अवैध गतिविधि से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने कई बार आंदोलन और ज्ञापन के माध्यम से अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी शराब माफियाओं पर कानूनी कार्रवाई करने से बचते नजर आते हैं।

गुरुवार को भगवती मानव कल्याण संगठन की सक्रियता के चलते, बम्होरी क्षेत्र और बक्सवाहा से कुसमाढ रोड पर तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध शराब ले जाते हुए तीन युवकों को पकड़ा गया। उनके पास से कुल 186 क्वार्टर लाल शराब, 50 क्वार्टर सफेद शराब, और 12 बियर की बोतलें बरामद हुईं। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है।

यह गौर करने वाली बात है कि भगवती मानव कल्याण संगठन की सक्रियता के चलते एक ही दिन में तीन अलग-अलग स्थानों पर भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी गई, लेकिन यह सवाल उठता है कि जिम्मेदार अधिकारियों की नजर अवैध शराब के इस धंधे पर क्यों नहीं पड़ रही है? सूत्रों के अनुसार, आबकारी अधिकारियों के संरक्षण में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, जिससे गांवों में युवाओं को खुलेआम शराब परोसी जा रही है। 

बकस्वाहा जनपद पंचायत की अधिकांश ग्राम पंचायतों में अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। अब देखना यह होगा कि भगवती मानव कल्याण संगठन की यह मुहिम जारी रहेगी या फिर जिम्मेदार अधिकारी रसूखदार ठेकेदारों के सामने झुक जाएंगे।