//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
नेटवर्क छतरपुर। नेशनल हाईवे और सड़क किनारे निराश्रित एवं आवारा पशुओं की उपस्थिति से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए, छतरपुर जिले की ग्राम पंचायतों के सरपंचों, सचिवों और गौशाला संचालकों के लिए एक उन्मुखीकरण प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण छतरपुर शहर के ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ, जिसमें आवारा पशुओं को निकटतम गौशाला में भेजने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान, जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार ने सरपंचों, सचिवों, रोजगार सहायकों और जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाईवे किनारे चिन्हांकित स्थलों से गौवंश को निकटतम गौशाला में भेजने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया की निगरानी के लिए पेट्रोलिंग दल का गठन किया जाएगा।
इसके साथ ही, सीईओ ने सख्त निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में गौशालाएं अब तक अपूर्ण हैं या पूर्ण होने के बावजूद संचालित नहीं हो रही हैं, उन्हें अगले सात दिनों के भीतर संचालित किया जाए। उन्होंने सहायक यंत्रियों को अपूर्ण गौशालाओं का निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जनपद सीईओ, परियोजना अधिकारी, सहायक मनरेगा, सहायक यंत्री और अति. कार्यक्रम अधिकारी जनपद पंचायत भी उपस्थित थे।