Translate

शनिवार, 24 अगस्त 2024

दलित वार्डों की अनसुनी पुकार!!....कब जागेगा प्रशासन??

 

//नवनीत जैन, रूपेश जैन//

बक्सवाहा(छतरपुर)। बकस्वाहा नगर परिषद में कुल 15 वार्ड हैं, जिनमें से वार्ड 10, 14 और 15 दलित बाहुल्य हैं। इन वार्डों की विडंबना यह है कि यहां मूलभूत सुविधाएं, जैसे सड़क, पानी, और साफ-सफाई, अन्य वार्डों की तुलना में काफी विलंब से पहुंचती हैं। 

वार्ड क्रमांक 14 और 15 में हर घर तक पीने के पानी की सप्लाई पहुंचने में लगभग 25 वर्ष लग गए, और आज भी कई घरों तक पाइपलाइन नहीं पहुंची है। कई बार परिषद बैठक में इस मुद्दे को उठाया गया है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। पांच साल पहले शुरू हुई मुख्यमंत्री नल जल योजना के तहत इन वार्डों को पानी तो मिला, लेकिन सड़कें खराब हो गईं। 

वार्ड पार्षद राम किशोर ने बताया कि पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं की गई है, जिससे निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में नालियों का गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है, जिससे बदबू और बीमारियों का खतरा बना रहता है।

वार्ड 15 के निवासी राजीव कुमार अहिरवार ने बताया कि सड़कें बारिश के मौसम में कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं, जिससे बच्चों और रहवासियों को आने-जाने में कठिनाई होती है। वहीं, वार्ड 10 के निवासी आशीष अहिरवार ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़कों पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है और बीमारियों का खतरा बना रहता है।

नगर परिषद के सीएमओ जितेंद्र नायक ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कंपनी एमपीयूडीसी को पत्र जारी किया गया है, और जल्द ही समाधान होगा।