//रूपेश जैन,सत्यम खरे//
बक्सवाहा(छतरपुर)। जनपद क्षेत्र बक्सवाहा अंतर्गत आने वाले वन परिक्षेत्र बाजना के नया खेरा वन चौकी में शुक्रवार को अनुभूति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पी.एम. श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाजना के 126 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को जंगल, वन्यजीवों और प्रकृति के महत्व के बारे में जागरूक करना था।
जंगल की सैर और ज्ञानवर्धन
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने जंगल की सैर की और वनस्पतियों, जड़ी-बूटियों और वन्यजीवों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्हें बताया गया कि हर पौधा और जड़ी-बूटी का अपना एक विशेष महत्व होता है। बच्चों ने विभिन्न पशु-पक्षियों के व्यवहार और उनके पर्यावरणीय योगदान के बारे में भी सीखा।
वहीं बच्चों की रुचि बढ़ाने के लिए खेलकूद, गीत और कहानियों का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों ने न केवल उन्हें मनोरंजन दिया बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनका जुड़ाव भी बढ़ाया।
यह रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में छतरपुर वन मंडल अधिकारी के मार्गदर्शन और वन परिक्षेत्र अधिकारी बाजना रजत तोमर के नेतृत्व में आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कंजरा सरपंच भूपेंद्र सिंह परमार, मोहम्मद ईशाक खान, संत कुमार प्रजापति, नेहरू प्रसाद प्रजापति, धर्मेंद्र तिवारी, रामेश्वर मिश्रा, विशाल सेन, जयप्रकाश शर्मा, बृजेश बिल्थरे, राजा राम अहिरवार समेत वन विभाग और शिक्षक स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही।