सीएम और कलेक्टर के आदेश की उड़ रही धज्जियां!!...सीएमएचओ के संरक्षण में सक्रिय झोलाछाप डॉक्टर...गरीब मरीजों का हो रहा शोषण।
//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
घुवारा(छतरपुर)। गरीबों के लिए डॉक्टर भगवान का रूप माने जाते हैं, लेकिन घुवारा में कुछ तथाकथित डॉक्टर इस विश्वास को कलंकित कर रहे हैं। बिना डिग्री और प्रमाणपत्र के झोलाछाप डॉक्टर खुलेआम गांव-गांव और वार्डों में इलाज कर रहे हैं। सीएमएचओ के संरक्षण में फल-फूल रहे ये फर्जी चिकित्सक मनमाने दामों पर दवा बेचकर गरीब मरीजों का शोषण कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, ये झोलाछाप डॉक्टर न केवल इंजेक्शन और बोतल चढ़ा रहे हैं, बल्कि मरीजों को अपने ही क्लिनिक से महंगी दवाएं देकर आर्थिक रूप से लूट रहे हैं। इतना ही नहीं, नगर में फर्जी पैथोलॉजी और एक्स-रे सेंटर भी संचालित हो रहे हैं, जहां न जांच सही हो रही है और न ही उचित उपचार मिल रहा है।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश सरकार ने ऐसे फर्जी डॉक्टरों पर अंकुश लगाने के निर्देश सभी जिला कलेक्टरों को दिए हैं। कलेक्टर के सख्त आदेश हैं कि सीएमएचओ और विकासखंड चिकित्सा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में झोलाछाप डॉक्टरों को चिन्हित कर कार्रवाई करें। इसके बावजूद घुवारा में सरकारी आदेशों को नजरअंदाज कर इनको संरक्षण दिया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की लचर स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि न तो स्वास्थ्य विभाग और न ही उच्च अधिकारी इस पर कोई ठोस कार्रवाई कर रहे हैं। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों का शोषण लगातार जारी है।