कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करें: ललिता यादव।
भाजपा की अल्पकालीन विस्तारक कार्यसभा में बोलीं पूर्व मंत्री।
छतरपुर। लक्ष्य हमारा मोदी दोबारा विषय पर भारतीय जनता पार्टी के अल्पकालीन विस्तारकों की कार्यशाला आज ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। कार्यशाला में पूर्व संगठन मंत्री जाहर सिंह, पूर्व मंत्री श्रीमती ललिता यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष मलखान सिंह, अरविंद पटैरिया, महामंत्री जयराम चतुर्वेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष जयनारायण अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद थे।इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्रीमती ललिता यादव ने कहा कि पार्टी और सरकार का संदेश हम कार्यकर्ताओं तक ले गए तो निश्चित ही लोकसभा चुनाव जीतने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के मूल कार्यकर्ता तक जाए बिना सफलता नहीं मिल सकती। हमने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की तो परिणाम अच्छे नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता का मान-सम्मान और स्वाभिमान रखना पड़ेगा। कार्यकर्ता जब एकजुट होकर भाजपा के लिए काम करेगा तो हमें सफलता निश्चित मिलेगी।
पूर्व मंत्री श्रीमती ललिता यादव ने कहा कि हमें मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में आम लोगों को बताना होगा, किसी ने कल्पना नहीं की होगी कि उसका खुद का मकान होगा, घर-घर गैस होगी और बैंक में खाता होगा। यह सब बताना पड़ेगा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वजह से लोगों को यह सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने से जन मानस में मायूसी है। लोग इस सरकार को झेल नहीं पा रहे हैं। ये सरकार चलेगी नहीं। उन्होंने कहा कि सबकुछ अच्छा तब होगा जब नरेन्द्र मोदी एक बार फिर प्रधानमंत्री होंगे। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को बूथ स्तर तक जाकर कार्यकर्ताओं से मिलना पड़ेगा। इस बार हमें अपनी गल्तियों से सीख लेनी पड़ेगी, इससे निश्चित रूप से एक बार फिर नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री होंगे।
कार्यशाला में पूर्व संगठन मंत्री जाहर सिंह ने कहा कि हमें बदली हुई परिस्थितियों में काम करना है। हम बस एकजुट हो गए तो मोदी जी फिर आ जाएंगे जिससे विकसित मध्य प्रदेश बनाने का जो सपना रह गया है वह पूरा होगा। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर करारी चोट करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में आर्थिक जाम लगा हुआ है। लोगों की समस्याएं हल नहीं हो रही हैं इसलिए यह अच्छा अवसर है कि हम एकजुट होकर नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में फिर देश में भाजपा की सरकार बनाएं। कार्यशाला में नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मणिकांत चौरसिया, जनपद अध्यक्ष मोनू यादव, सुरेन्द्र चौरसिया, भारती आर्य, राजू यादव, मंडी अध्यक्ष बृजेश राय, मिंटू खरे, कैलाश रावत, हरप्रसाद पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
