Translate

सोमवार, 22 अक्टूबर 2018

अगले तीन दिनों में उड़नदस्ता टीम की कार्यवाही का दिखना चाहिए असर : कलेक्टर 


उड़न दस्ता की टीमों का हुआ प्रशिक्षण 

छतरपुर|  जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर रमेश भण्डारी ने कहा है कि छतरपुर जिले में विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले आम चुनाव में एफएसटी, एसएसटी और व्हीएसटी से जुड़ी टीमों की अहम भूमिका रहेगी, उन्हें सौंपे गए दायित्वों का असली काम अब शुरू हुआ है। उड़नदस्तों की टीम द्वारा अगले तीन दिनों में उनके द्वारा की जाने वाली कार्यवाही का असर दिखना चाहिए।
 कलेक्टर रविवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में इन टीमों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।  कलेक्टर भण्डारी ने उड़नदस्तों की टीमों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा की गई निष्पक्ष और बिना दबाव के कार्यवाही में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन उनके साथ है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों छतरपुर जिले में स्थैतिक निगरानी दल और उड़नदस्ता द्वारा 10 लाख से अधिक नकद राशि की जब्ती की कार्यवाही सराहनीय रही है। इस कार्यवाही में और तेजी लाने की जरूरत है।

 इन्होने कहा कि....

 पुलिस अधीक्षक विनीत खन्ना ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्वक और निर्विघ्न सम्पन्न कराने में आम लोगों की अहम जिम्मेवारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य की सफलता संख्याबल के आधार पर न होकर बुलंद हौसलों से पाई जा सकती है। उड़नदस्तों की टीमें पूरी तरह स्वतंत्र और निर्भीकता के साथ इस कार्य में जुट जाएं। उड़नदस्ते की प्रभावी कार्यवाही से अपराधियों और बदमाशों में भय की स्थिति निर्मित होना चाहिए। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि उड़नदस्ता टीमों द्वारा की गई कार्यवाही निष्पक्ष होने के साथ-साथ दिखना भी चाहिए।

 सी-विजिल एप के इस्तेमाल का दिया गया प्रशिक्षण...

 जिला ई-गवर्नेंस मैनेजर राहुल तिवारी एवं उनकी टीम ने तीनों टीम के सदस्यों को सी-विजिल एप का इस्तेमाल करने और चुनाव में इसका उपयोग करने का प्रशिक्षण दिया।  प्रशिक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हर्ष दीक्षित, अपर कलेक्टर डी.के. मौर्य, सभी विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारी, निर्वाचन व्यय लेखा प्रभारी एवं पेंशन अधिकारी विजय तिर्की और तीनों टीम के सदस्य मौजूद थे।