खाद्य सामग्री की हुई जांच,दल गठित।
ब्यूरो छतरपुर। अनुविभागीय दण्डाधिकारी छतरपुर के द्वारा क्षेत्र अंतर्गत संचालित सभी होटलों, रेस्टोरेंट और ढाबों में खाद्य सामग्री की जांच के लिए निरीक्षण दल का गठन किया गया है।
दल द्वारा बिगत दिनों जिले के नौगांव रोड और बस स्टैण्ड के आसपास संचालित होटलों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नौगांव रोड पर संचालित रीजेंसी होटल में साफ सफाई में कमी पाई गई।
इसके साथ ही खाद्य सामग्री भी खुले में भंडारित की गई थी। इस पर होटल संचालक को मौके पर ही निर्देश देकर सड़ी गली खाद्य सामग्री और सब्जियां मौके पर ही नष्ट कराई गईं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके तिवारी द्वारा होटल के किचन में रखे अरहर दाल का सैंपल जप्त किया गया। निरीक्षण दल ने बस स्टैंड स्थित होटल शेल्टर इन में संचालित पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर सोयाबीन तेल का सैंपल जप्त किया गया।
यहां खाद्य सामग्री का भंडारण सही पाया गया।
होटल जटाशंकर पैलेस में संचालित रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर चावल का सैंपल लिया गया। सभी खाद्य सामग्रियों के सैंपल विश्लेषण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर प्रकरणों में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल द्वारा आगामी दिनों में भी होटलों, रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण किया जाएगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित नायब तहसीलदार ओपी गुप्ता, राजस्व निरीक्षक रामआंदे सिंह, पटवारी रमेश कुशवाहा और बच्चा प्रजापति शामिल हैं।