Translate

बुधवार, 10 जुलाई 2019

शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में अधिकारी न करें लापरवाही: कमिश्नर

शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में अधिकारी न करें लापरवाही: कमिश्नर


विभागीय समीक्षा बैठक में शामिल हुए संभागायुक्त 


ब्यूरो छतरपुर| छतरपुर जिले में शासकीय विभागों द्वारा संचालित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
लक्ष्यपूर्ति के लिए अधिकारी प्लान और योजना बनाकर बेहतर कार्य करें। शासकीय योजनाओं के लाभ वितरण में अधिकारी कोई कोताही अथवा लापरवाही न बरतें। यह निर्देश सागर संभागायुक्त आनंद कुमार शर्मा ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक के दौरान दिए।
    उन्होंने छतरपुर जिले में अपनी पहली बैठक के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति के संबंध में चर्चा की। प्रत्येक अधिकारी से परिचय प्राप्त कर विभाग के लक्ष्य और आगामी कार्ययोजना के बारे में पूछा। जिलाधिकारियों को समयावधि में लक्ष्यपूर्ति करने और अपने कार्य में छाप छोड़ने की नसीहत दी।
    उन्होंने सीएमएचओ से दस्तक अभियान के बारे में जानकारी लेकर 4 विकासखण्ड में कम प्रगति पाए जाने पर तेजी लाने के निर्देश दिए। डायरिया और एनीमिया से पीड़ित बच्चों, एनआरसी में भर्ती एवं रेफरल बच्चों की जानकारी लेकर तत्काल व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करने की नसीहत देने के साथ ही फील्ड में कसावट लाने सहित जिले को टॉप 10 रैंकिंग में लाने के निर्देश दिए। 
    संभागायुक्त ने बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए बच्चों को गोद लेने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वसहायता समूह की महिलाओं को प्रेरित कर कुपोषण मिटाने में मदद मिल सकती है।
    संभागायुक्त ने कहा कि छतरपुर जिले में पर्यटन की भरपूर संभावनाएं हैं। इसलिए कौशल उन्नयन के लिए बेरोजगारों को गाइड और वाहन चालक का प्रशिक्षण दिलाना सुनिश्चित करें। दिव्यांगजनों को रोजगार प्रदान करने के उद्देश्य से जरूरी प्रशिक्षण की व्यवस्था के लिए भी निर्देशित किया। 
    संभागायुक्त ने राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और नजूल अधिकारी छतरपुर, एसडीएम लवकुशनगर और तहसीलदार गौरिहार, लवकुशनगर, नौगांव और घुवारा के कम प्रकरणों का निराकरण होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्रकरणों का निपटारा तत्काल करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने नजूल तहसीलदार, नायब तहसीलदार जुझारनगर, चन्द्रनगर और बम्हौरी को समयावधि में लंबित प्रकरणों का निराकरण करने पर बधाई दी।
    प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रगति के संबंध में उन्होंने तहसीलदारों से जानकारी प्राप्त कर लक्ष्यपूर्ति समय पर करने के लिए निर्देशित किया और कहा कि किसानों के बैंक खातों में अविलंब भुगतान कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में कलेक्टर मोहित बुंदस, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु चन्द्र, अपर कलेक्टर प्रेम सिंह चौहान सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।