जमीनी विवाद पर दो पक्षों में मारपीट,आधा दर्जन घायल।
//अखंड यादव//
बल्देवगढ(टीकमगढ़)। बल्देवगढ अंन्तर्गत ग्राम कुड़ीला में जमीन के विवाद पर दो पक्षों में मारपीट हो गई।इस घटना में दोनों पक्षों के लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने शिकायत पर दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया हैं। घटना के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हवाई फायर करने का भी आरोप लगाया हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुड़ीला निवासी राम सिंह ठाकुर एवं अमर सिंह के बीच एक जमीन खरीदने को लेकर विवाद हो गया।
गांव के देवी सिंह द्वारा बेची जा रही जमीन को यह दोनों खरीदना चाहते थे। इसी बात को लेकर इन दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बड़ा हो गया कि नौबत मारपीट पर आ गई।
बीती रात दोनों पक्षों में हुई मारपीट में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया हैं।