छतरपुर। शासकीय उचित मूल्य दुकान निलंबित।
ब्यूरो छतरपुर। अनुविभागीय अधिकारी नौगांव बी.बी. गंगेले द्वारा अनियमितता की शिकायत पर शासकीय उचित मूल्य दुकान झींझन को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्यवाही की गई है।
इसके अलावा दुकान की प्रतिभूति राशि राजसात किए जाने का भी आदेश पारित किया गया है।
निलंबन के बाद उपभोक्ताओं को नजदीकी संस्था सेवा सहकारी समिति मर्यादित लुगासी द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान लुगासी से संबद्ध किया गया है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम झींझन के निवासियों द्वारा दुकान से राशन वितरण नहीं होने की शिकायत की गई थी।
शिकायत के बाद कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नौगांव के जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि पीडीएस दुकान झींझन में मूल्य सूची और निगरानी समिति बोर्ड प्रदर्शित नहीं किया गया था।
जांच के दौरान मांगे जाने पर विक्रेता द्वारा स्टाक रजिस्टर भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा दुकान के अभिलेख अनुसार भण्डारित राशन सामग्री का भौतिक सत्यापन करने पर 4.08 क्विंटल गेहूं, 1.63 क्विंटल चावल और 0.56 क्विंटल चना कम भण्डारित पाया गया, जो कि म.प्र. सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
दुकान के विक्रेता द्वारा म.प्र. सार्वजनिक वितरण (नियंत्रण) आदेश की कण्डिका 11 का उल्लंघन प्रमाणित पाए जाने पर एसडीएम द्वारा कण्डिका 16 में प्रदत्त शक्तियों के तहत दुकान को निलंबित किया गया है।