शैक्षणिक संस्थाओं को अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति के संबंध में दिशा निर्देश।
ब्यूरो छतरपुर। पिछड़ावर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2019-20 के लिए मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थाओं को छात्रवृत्ति के संबंध में लॉग इन आईडी और पासवर्ड प्राप्त करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
सहायक संचालक डॉ. नारायण सिंह ने बताया कि अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति पोर्टल से पूर्व में सभी शैक्षणिक संस्थाओं को प्रदान की गई लॉग इन आईडी और पासवर्ड सहित संस्थाओं की ईमेल आईडी और मोबाइल नम्बर को निरस्त किया गया है।
अब वर्ष 2019-20 में भारत सरकार द्वारा प्रत्येक शैक्षणिक संस्था को नए सिरे से लॉग इन आईडी और पासवर्ड दिया जाएगा। इसी तरह वैध डाइस कोड नहीं होने पर संस्थाओं को अपंजीकृत कर वैध डाइस कोड प्राप्त करने के बाद ही पंजीकरण किया जाएगा।
सभी शैक्षणिक संस्थाओं (विद्यालय/महाविद्यालय/विश्वविद्यालय) के अधिकृत छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी द्वारा पोर्टल पर संस्था से संबंधित सम्पूर्ण जानकारी के साथ ऑनलाइन फार्म भरकर और संस्था प्रमुख से सत्यापित कराकर दो प्रतियों में पिछड़ावर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।
आवश्यक कार्यवाही के बाद विभागीय अधिकारी द्वारा राज्य नोडल अधिकारी अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति संचालनालय भोपाल जानकारी भेजी जाएगी, जिसके आधार पर शैक्षणिक संस्थाओं को लॉग इन आईडी और पासवर्ड जारी किया जाएगा।
विभाग द्वारा छतरपुर जिले के सभी शैक्षणिक संस्थाओं को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है।