बारेलाल के परिजनों से मिले कलेक्टर बोले पुष्टि के बाद पूरी प्रक्रिया कर बारेलाल को लाने के होंगे प्रयास।
//नरेन्द्र अहिरवार//
दमोह। कलेक्टर तरूण राठी ने बताया है कि आज बारेलाल के परिजनों को बुलाया था, उनको बताया है कि सबसे पहले पुष्टि के प्रयास किये जायेंगे, कि जो व्यक्ति पाकिस्तान में है,वह उनका बेटा है या नहीं है, अगर पुष्टि हो जायेगी तो जैसा कि मुख्यमंत्री जी के निर्देश है कि बारेलाल के परिजनों को पाकिस्तान भेजने की व्यवस्था करेंगे, प्रारंभिक तैयारी शुरू कर दी गई है, इसके लिये परिजनों में से दो व्यक्तियों के पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है, ताकि अगर पुष्टि होती है तो बिना किसी बिलंब के आगे की प्रक्रिया हम कर सकें।कलेक्टर श्री राठी के बुलावे पर आज बारेलाल के पिता सुब्बे, माता लक्ष्मी बाई और भाई पदम सुबह कलेक्टर कार्यालय आये हुये थे। कलेक्टर से उनसे रूबरू चर्चा कर वस्तु स्थिति जानी। उन्होंने बारेलाल के परिजनों को बताया कि प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जैसे ही प्रक्रिया पूरी हो जायेगी आप लोगों को पुष्टि के लिये वहां ले जाया जायेगा, और फिर आगे की कार्यवाही होगी। संयम रखो पता चल जाये कि वह आपका ही बेटा है, सरकार आप लोगों के साथ में है,पूरी मदद करेगी।
बारेलाल के पिता ने बताया बेटा बारेलाल 9 वीं पास है, पढ़ते-पढ़ते दिमागी तौर पर वह बीमार हो गया है, पहले सही था, बिना बताये घर से रिश्तेदारी में चला जाता था, जब पता चलता था तो उसे घर लेकर आ जाते थे, मानसिक रूप से उनकी हालत ठीक नहीं थी मेडिकल अस्पताल जबलपुर में उसका इलाज चल रहा था। माताजी ने बताया जब बहुत दिनों तक घर नहीं आया तो उसकी रिपोर्ट नोहटा थाने में डाली गई थी।
भाई पदम ने बताया आज कलेक्टर साहब ने बुलाया था, उन्होंने कहा है, बारेलाल की पुष्टि होने पर उसे भारत लाने की पूरी कार्यवाही की जायेगी। बारेलाल से मिलने के लिये कलेक्टर साहब पासपोर्ट भी बनवा रहे है। इस मौके एसडीएम दमोह रविन्द्र चौकसे, ग्राम के पटवारी मौजूद रहे।
ज्ञात हो कि कल मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा था, दमोह जिले के करीब 2 वर्ष पूर्व गुमशुदा बारेलाल आदिवासी के संबंध में परिजनों द्वारा उसके पाकिस्तान जेल में बंद होने की आशंका व्यक्त किये जाने पर हम विदेश मंत्रालय से संपर्क कर उसकी पुष्टि करवायेंगे। ट्वीट में यह भी कहा गया है, पुष्टि होने पर उसे वापस भारत लाने का पूरा प्रयास करेंगे, साथ ही पुष्टि होने पर परिजन यदि पाकिस्तान मिलने जाना चाहेंगे तो उनके पासपोर्ट से लेकर सारे प्रबंध करने के प्रशासन को निर्देश दिये है।