सरपंच पुत्र और रोजगार सहायक के पिता के नाम से निकाली मजदूरी।
बल्देवगढ़(टीकमगढ़)। जिले के बल्देवगढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुजानपुरा में तलैया निर्माण और मरम्मत कार्य मशीनों द्वारा किया गया है। सरपंच और सचिव, रोजगार सहायकों की मनमानी से सरपंच पुत्र और रोजगार के पिता के नाम मनरेगा योजना में मजदूरी की राशि निकाल ली गई है। इसके साथ ही चंदेलकालीन तालाब के सौंदर्यीकरण कागजों में ही किया गया है।
सुजानपुरा निवासी बृजमोहन यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत में निर्माण कार्य ठेका और मशीनों से कराए गए है।
ग्रामीणों द्वारा पंचायत में कार्य मांगने के बाद भी सरपंच और रोजगार सहायक द्वारा नहीं दिया गया। कोट पहाडी तलैया का निर्माण कार्य जल्द कराने के लिए सरपंच और रोजगार सहायक ने मशीनों से करा लिया।
इस तलैया के चारों ओर न तो बंधान है और न ही पानी है। मामले की जांच के लिए ग्रामीणों ने जनपद पंचायत के साथ जिला पंचायत से शिकायत की है। लेकिन मामले को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।