Translate

गुरुवार, 26 दिसंबर 2019

कलेक्टर की अध्यक्षता में समन्वय समिति की बैठक आयोजित।

कलेक्टर की अध्यक्षता में समन्वय समिति की बैठक आयोजित।  



नेटवर्क छतरपुर। जिले में 23 जनवरी को राष्ट्रीय फाईलेरिया दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले की 2 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों को ;गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमार व्यक्तियों को छोड़करद्ध डीईसी और एल्बेंडाजोल की गोली का घर-घर जाकर सेवन कराया जाएगा।
कलेक्टर मोहित बुंदस की अध्यक्षता में फाईलेरिया दिवस के दौरान कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन सहित निर्धारित कार्ययोजना और प्लान पर चर्चा के लिए आज कलेक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। इस अवसर पर सीएमएचओ, सिविल सर्जन, जिला मलेरिया अधिकारी, बीएमओ और समन्वय विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। 
कलेक्टर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों और सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में शिविर के जरिए बच्चों को गोली का सेवन कराया जाए। इसके अलावा छात्रावासों में निवासरत बच्चों को भी डीईसी और एल्बेंडाजोल गोली का सेवन कराएं। मॉप अप दिवस पर गणतंत्र दिवस, 26 जनवरी को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में भी मध्यान्ह भोजन के बाद छूटे हुए बच्चों को गोली का सेवन कराने के लिए उन्होंने निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम की सफलता के लिए टीमवर्क के साथ बेहतर समन्वय एवं माइक्रोप्लान बनाकर कार्य करना जरूरी है। इसमें मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के बीसीएम और बीपीएम को कार्य में लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत भी दी। बैठक में अनुपस्थित सेक्टर मेडिकल ऑफिसर का एक दिवस का वेतन काटने के लिए भी निर्देशित किया गया। इसके अलावा लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के वेतन रोकने और अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए भी निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि लक्षित आबादी को दवा का सेवन कराना सुनिश्चित् किया जाए। कलेक्टर ने सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता गतिविधियां कराने, प्रतिदिन की रिपोर्ट एप्प में फीड कराने और गलत डाटा फीडिंग से बचने की सलाह भी दी। बैठक में आगामी 4 से 20 जनवरी तक विकासखण्डवार आयोजित होने वाले आयुष्मान शिविर और विगत माह में सम्पन्न हुए स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में भी चर्चा हुई।