दमोह। 1 करोड़ से अधिक राशि के बैंक ऋण एवं समूह ऋण प्रदान किये गये।
● कुल 112 पंजीयन हुये, जिसमें 48 युवाओं को कॉल लेटर ऑफर किये।
//नरेंद्र अहिरवार, गगन सेन//
पथरिया(दमोह)। जिले के पथरिया विकासखंड में संचालित चकेरी घाट मेले में वृहद ऋण वितरण समारोह एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक रामबाई गोविंद सिंह परिहार एवं कलेक्टर तरुण राठी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित उक्त समारोह में आजीविका मिशन की ओर से 12 लाख रुपये का सीआईएफ, 3 लाख रुपये आरएफ एवं 69 स्व सहायता समूहों को बिभिन्न बैंक से 78 लाख रुपये की बैंक साख सीमा स्वीकृत की गई।। इस अवसर पर आयोजित रोजगार मेले में 112 पंजीयन किये गए जिसमें 48 युवाओं को ऑफर लेटर जारी किए गए।आज राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा स्व सहायता समूह सम्मेलन, बैंक ऋण वितरण शिविर एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें स्व सहायता समूह की एक हजार से अधिक बहनों ने सहभागिता की एवं सफलता की कहानी मुख्य वक्ताओं के समक्ष रखी।
इस दौरान पथरिया विधानसभा के स्व सहायता समूह को एक करोड़ से अधिक राशि का बैंक ऋण एवं समूह ऋण प्रदान किया गया एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी को चेक वितरित किए गए।
मेले में आज कलेक्टर तरुण राठी, कॉपरेटिव बैंक अध्यक्ष गौरव पटेल, पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत पथरिया कृष्णा लक्ष्मण सिंह, ठाकुर रामस्वरूप सिंह वरिष्ठ समाजसेवी बीना एवं जिले की विभिन्न हस्ती एवं नागरिकों द्वारा कार्यक्रम में सहभागिता की गई।
इस अवसर पर विधायक रामबाई गोविंद सिंह परिहार द्वारा मेहंदी की दुकानों में पहुंचकर मेले का आनंद लिया गया। प्रतिदिवस की भांति आज भी टीकमगढ़, छतरपुर, जबलपुर एवं सागर के विभिन्न कला मंडलियों द्वारा आकर्षक नृत्य एवं लोकगीत की प्रस्तुति मुख्य अतिथि के समक्ष दी गई।
विधायक रामबाई गोविंद सिंह परिहार द्वारा संपूर्ण मेला क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया गया एवं आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने हेतु जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए।
