Translate

गुरुवार, 23 जनवरी 2020

शुद्ध के लिए युद्ध : स्कूल/महाविद्यालयों में आयोजित होगी प्रतियोगिताये।

शुद्ध के लिए युद्ध : स्कूल/महाविद्यालयों में आयोजित होगी प्रतियोगिताये।

● जिला,संभाग तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मिलेगा पुरुस्कार।


ब्यूरो नेटवर्क। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विद्यालय/महाविद्यालय स्तर के छात्र-छात्राओं में खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरूद्ध जागरूकता हेतु शुद्ध के लिए युद्ध अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान अंतर्गत विद्यालय और महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं में जागरूकता के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए निबंध प्रतियोगिता और महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए भाषण और नुक्कड़-नाटक प्रतियोगिताएं होंगी।
प्रतियोगिता में अव्वल रहे छात्र-छात्राएं होंगे पुरस्कृत
विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए जनवरी के द्वितीय सप्ताह में स्थानीय विद्यालय स्तर पर निबंध प्रतियोगिता होगी। इसमें कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। निबंध का विषय खाद्य पदार्थों में मिलावट और भोजन का अपव्यय रोकने में आमजन की भागीदारी निर्धारित है। निबंध की शब्द सीमा 15 सौ शब्द निर्धारित है। प्रत्येक विद्यालय स्तर पर प्रथम विजेता को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा।
जनवरी के तृतीय सप्ताह में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में भी अधिकतम 15 सौ शब्द पर निबंध लिखना होगा। इसका विषय मोबाइल फूड, जंक फूड और स्ट्रीट फूड का बढ़ता व्यापार, आमजन के लिए हितकारी या अहितकारी निर्धारित है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे विजेता को प्रमाण पत्र और क्रमशः 21 सौ रूपए, 11 सौ रूपए और 551 रूपए का पुरस्कार मिलेगा।
फरवरी के द्वितीय सप्ताह में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रत्येक जिले से चयनित प्रथम विजेता प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रतियोगिता में खाद्य सुरक्षा एवं पोषण की दिशा में वर्तमान भारत के बढ़ते कदम-नवीन पहल और खाद्य कारोबार कर्ता द्वारा आत्म अनुपालन के प्रयास विषय पर अधिकतम 15 सौ शब्द में निबंध लेखन करना होगा। राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता प्रतिभागी को प्रमाण पत्र के साथ ही बतौर पुरस्कार क्रमशः 51 हजार, 21 हजार और 11 हजार रूपए दिए जाएंगे।
स्नातक और स्नातकोत्तर कक्ष के विद्यार्थी भाषण और नुक्कड़-नाटक प्रतियोगिता में होंगे शामिल
जनवरी के द्वितीय, तृतीय और फरवरी के द्वितीय सप्ताह में महाविद्यालय, जिला और राज्य स्तर पर भाषण और नुक्कड़-नाटक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षा के छात्र-छात्राएं शामिल हो सकेंगे। निर्धारित विषयों पर भाषण और नुक्कड़-नाटक प्रतियोगिता के लिए तीनों स्तर पर अलग-अलग समय-सीमा निर्धारित है। उक्त प्रतियोगिताओं में प्रत्येक महाविद्यालय से प्रथम विजेता प्रतिभागी जिला स्तर आयोजित प्रतियोगिता में और जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता के लिए चयनित होंगे। जिला स्तरीय प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता प्रतिभागी को प्रमाण पत्र के साथ क्रमशः 21 सौ, 11 सौ और 551 रूपए और राज्य स्तर पर चयनित प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे विजेता प्रतिभागियों को क्रमशः 51 हजार, 21 हजार और 11 हजार रूपए मिलेंगे।