प्रदेश के राजस्व एवं परिवहन मंत्री ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी।
● प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन।
● सांस्कृतिक कार्यक्रम की हुई भरपूर सराहना...जहाँ विभिन्न विभागों ने निकाली झांकियां।
● उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित।
नेटवर्क दमोह। जिले में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) बड़े हर्षोउल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। देश की आन-बान-शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा, जिले भर में शान से लहराया। मुख्य समारोह स्थानीय स्टेडियम मैदान में आयोजित किया गया। जिसमें प्रदेश के राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्य अतिथि के रूप में ठीक प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण किया। उन्होंने परेड की सलामी ली तथा कलेक्टर तरूण राठी एवं पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह सहित परेड कमाण्डर के साथ सलामी परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर प्रदेश राजस्व एवं परिहवन मंत्री श्री राजपूत ने हर्षोउल्लास के प्रतीक सतरंगी गुब्बारे गगन में मुक्त किये।
मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री कमलनाथ का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। संदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों का हार्दिक अभिनंदन करता हूं और शुभकामनाएं देता हूं। आज के ही दिन देश में संविधान लागू हुआ था और देश गणतंत्र बना था। मैं आज संविधान के शिल्पी भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर और संविधान सभा के सदस्यों का भी पावन स्मरण करता हूं।
संदेश में कहा गया है कि एक साल पहले प्रदेशवासियों ने हमें पूर्ण विश्वास के साथ जनादेश सौंपा था। इस विश्वास पर खरा उतरने के लिए सरकार ने ईमानदारी से प्रयास किये है, हमें पिछली सरकार से खजाना खाली मिला था। जीएसटी के कारण भारत सरकार से भी पिछले साल में राज्य को मिलने वाली राशि में कमी हुई है। हमारी सरकार आने के बाद लोकसभा के चुनाव हुए जिसके कारण अचारण संहिता में ढ़ाई माह का समय चला गया। इन सब कठिनाईयों के बावजूद पिछले एक साल में हमनें 365 वचनों को पूरा किया है। हमारा जोर इस बात पर रहेगा कि किसानों को मण्डीयों में सही दर मिलें और वह तभी होगा, जब किसानो को दरें कम होने पर बेचना ना पड़े। इसके लिए पूरे प्रदेश में भण्डारण क्षमता को बढ़ाने के लिए हम एक नई योजना "भविष्य" शुरू करने जा रहे हैं, इस योजना में नये गोदाम हर उचित मूल्य की दूकान पर एक गोदाम और पूर्व से स्थित गोदामों को बेहतर बनाया जायेगा। इस प्रकार लगभग 30 लाख टन की अतिारिक्त क्षमता का निर्माण करने की हमारी योजना है।
मुख्यमंत्री जी संदेश में कहा गया है कि हमनें अपने वचन पत्र में घोषणा की थी कि किसानों के बिजली बिल आधे किये जायेगें, हमनें इस वादे को पूरा किया है। इसी प्रकार अपने वाचन पत्र में जनता से वादा किया था कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 100 यूनिट तक बिजली 100 रूपये में दी जायेगी। मुझे यह बताते खुशी है कि इसके लिए हमनें इंदिरा गृह ज्योति योजना लागू कर दी है। इस योजना तहत प्रदेश के एक करोड़ से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर सशस्त्र और नि:शस्त्र बल की टुकड़ियों ने कदमताल करते हुये मार्च पास्ट किया। सशस्त्र बलों ने तीन बार हर्ष फायर कर राष्ट्रपति जी की जय का गगनभेदी जयघोष किया। राष्ट्रधुन बजाई, नगर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन किया। विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रीयता, देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने कार्यक्रमों को जमकर सराहा।
● शासन की योजनाओं पर आधारित झाकियां।
इस अवसर उद्यानिकी, कृषक एवं कृषि कल्याण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, महिला बाल विकास, पशु चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायत, आदित जाति कल्याण विभाग, सर्वशिक्षा अभियान सहित अन्य विभागों ने शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विकास कार्यो को प्रदर्शित करती झाकियों का प्रदर्शन किया, जिन्हें मुख्य अतिथि सहित अन्य आतिथियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन ने सराहा।समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश शंभू सिंह रघुवंशी, विशेष न्यायाधीश आर एस शर्मा सहित अन्य न्यायाधीशगण, कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजय टण्डन, प्रदेश महामंत्री रूद्र प्रताप सिंह, विधायक प्रतिनिधि पवन गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भगवानदास चौधरी, जिला प्रवक्ता आशुतोष शर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनु मिश्रा एवं मालती असाटी, रतन चन्द्र जैन, गोविंद सिंह, राशू चौहान, सीईओ जिला पंचायत डॉ गिरीश मिश्रा, एडीशनल कलेक्टर आनंद कोपरिहा, एडीशनल एसपी विवेक लाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल ठाकुर, एडवोकेट वीरेन्द्र दबे, जिला उपाध्यक्ष लालचंद्र राय एवं सतीश जैन कल्लन भैया, भैयालाल चौधरी, ललित नायक, अनुनय श्रीवास्तव, निधि श्रीवास्तव, मंजीत यादव, एसडीएम रवीन्द्र चौकसे, डिप्टी कलेक्टर भव्या त्रिपाठी, तहसीलदार बबीता राठौर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिकगण, सम्मानीय पत्रकारगण, अधिकारीगण, बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।


