छतरपुर। रिश्वत मांगते प्रधान आरक्षक आधार सिंह का वीडियो वायरल।
● SDOP ने तत्काल कार्यवाही करते हुए किया निलंबित।
ब्यूरो नेटवर्क छतरपुर। सटई थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक आधार सिंह द्वारा एक मारपीट और लूट के मामले में पीडि़त पक्ष से ही धाराएं बढ़ाने के नाम पर रिश्वत की मांग किए जाने का वीडियो सामने आया है।इस वीडियो में प्रधान आरक्षक फरियादी पक्ष से ही कह रहे हैं कि यदि धाराएं बढ़वाना चाहते हो तो इसके लिए पैसे खर्च करने पड़ेंगे, थाने में आकर टीआई साहब से मिल लेना तभी काम हो पाएगा वरना साधारण मारपीट की धाराओं में जो एफआईआर की गई है मैं उसी को सिद्ध कर दूंगा।
उल्लेखनीय है कि 17 जनवरी 2020 को रात्रि करीब 9 बजे सटई थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर निवासी संतोष साहू अपने दो भाईयों दीपचन्द्र एवं पुष्पेन्द्र साहू के साथ गांव लौट रहा था। उक्त सभी लोग हाट बाजारों में पेटीज, चाऊमीन और चाट का ठेला लगाते हैं।
उक्त सभी छोटे व्यापारी झमटुली के बाजार से दुकानदारी कर अपने गांव लौट रहे थे तभी गांव के ही जगदीश साहू, पप्पू साहू, बबलू साहू, प्रमोद साहू एवं जुगल जाटव ने इनको रास्ते में रोककर मारपीट की और संतोष साहू के पास मौजूद दिन भर की कमाई के 10 हजार रूपए व एक मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
इस मामले में घायलों को रात को ही डायल 100 की मदद से सटई अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया। जब पीडि़तों ने सटई पुलिस को पूरी घटना बताई तो पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध सिर्फ साधारण मारपीट की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया एवं लूट की कहानी को एफआईआर से गायब कर दिया।
दो दिन बाद जब इस मामले के विवेचना अधिकारी आधार सिंह गांव में विवेचना करने पहुंचे तो उन्होंने फरियादियों के पूछने पर कहा कि इस एफआईआर में लूट की धारा नहीं है यह तभी बढ़ाई जाएगी जब आप लोग खर्चा करोगे।
इसके बाद फरियादियों ने बयान देने से मना कर दिया और प्रधान आरक्षक का रिश्वत मांगने वाला वीडियो बना लिया। सोमवार को पीडि़त पक्ष पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचा लेकिन यहां पुलिस अधीक्षक मुख्यालय पर न होने के कारण नहीं मिल सके।