कॉलेज चलो अभियान के तहत विद्यार्थियों को मिला महत्वपूर्ण मार्गदर्शन।
● 12 वीं में उच्च अंक पाने वाले विद्यार्थियों को लाभदायी योजनाओं से नवाज़ेगा शासन।
नेटवर्क छतरपुर। मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 21 से 31जनवरी तक चलने वाले कॉलेज चलो अभियान का शुभारंभ आज 21 जनवरी 2020, मंगलवार को छतरपुर शहर के महल रोड स्थित ड्रीमलैंड हाई स्कूल से किया गया।जहां कॉलेज चलो अभियान समिति के संयोजक डॉ सुमति प्रकाश जैन एवं सदस्य डॉ आर डी अहिरवार के द्वारा स्कूल के छात्र - छात्राओं की करियर काउंसलिंग करते हुए आगामी सत्र में कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया,संचालित कोर्सेस ,रोजगार के अवसर एवं अनेक छात्र हितग्राही योजनाओं की जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई।
महाराजा कॉलेज,छतरपुर के कॉलेज चलो अभियान समिति के संयोजक एवं कॅरियर काउंसलर डॉ.सुमति प्रकाश जैन ने शासन की महत्वपूर्ण छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं में सर्वाधिक महत्वपूर्ण इंस्पायर अवार्ड स्कालरशिप योजना है।इसके तहत यदि विज्ञान समूह का विद्यार्थी कक्षा 12 वीं में 90 प्रतिशत या इस से अधिक अंक लाता है तो उसे कॉलेज की पूरी पढ़ाई के दौरान प्रतिवर्ष 80,000 रूपए इंस्पायर स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार सेन्ट्रल सेक्टर छात्रवृत्ति योजना के तहत 12 वीं में छात्र के उच्च अंक आने पर उनको प्रति वर्ष 10,000 रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
ग्रामीण और शहरी छात्राओं के लिए भी दो लाभदायी छात्रवृत्तियां शासन देता आरहा है। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के हायर सेकेंडरी स्कूल से 60 प्रतिशत अंकों से 12 वीं कक्षा पास करने वाली छात्राओं को "गांव की बेटी" योजना के तहत 5,000 रु. प्रति वर्ष प्रदान किए जाते हैं।इसी प्रकार प्रतिभा किरण योजना है। शहरी स्कूल से 60 प्रतिशत अंकों के साथ 12 वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं को " प्रतिभा किरण योजना" के अंतर्गत 5,000 रुपए प्रतिवर्ष प्रदान किए जाते हैं।मेधावी छात्र योजना,अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना के साथ अनेक हितकारी योजनाएँ संचालित हैं. इसके अतिरिक्त शासन की अनेक छात्र हितैषी अन्य योजनाएं भी संचालित हैं। डॉ आर डी अहिरवार ने अपने प्रेरक उद्बोधन में छात्रों को सफलता के टिप्स देते हुए महाराजा कॉलेज, छतरपुर में संचालित तीनों संकायों के यू जी तथा पीजी कोर्सेस की जानकारी दी।
महाराजा कॉलेज, छतरपुर के प्राचार्य डॉ एल एल कोरी ने उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश पर कॉलेज चलो अभियान समिति गठित की है, जिसका संयोजक डॉ सुमति प्रकाश जैन को बनाते हुए डॉ आर एस सिसोदिया, डॉ आर डी अहिरवार एवं डॉ के के गंगेले को सदस्य बनाया गया है।ये समिति नगर के विभिन्न स्कूलों मे सम्पर्क कर विद्यार्थियों को प्रवेश प्रकिया, कॉलेज में संचालित कोर्सेस, रोजगार के अवसर एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने हेतु प्रेरित कर रही है।
आयोजन के अंत में स्कूल की प्राचार्य श्रीमती आई पी के भाटिया ने कॉलेज चलो अभियान समिति के दोनों प्राध्यापकों का आभार ज्ञापित किया।इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक श्री प्रसन्न जैन, श्रीमती भारती श्रीवास एवं निकिता द्विवेदी उपस्थित रहे।
