Translate

गुरुवार, 20 फ़रवरी 2020

कलेक्टर का फरमान...बच्चों के भविष्य के साथ लापरवाही ना बरते शिक्षक...अतिरिक्त क्लासे लगाकर कोर्स पूरा करवाये।

कलेक्टर का फरमान...बच्चों के भविष्य के साथ लापरवाही ना बरते शिक्षक...अतिरिक्त क्लासे लगाकर कोर्स पूरा करवाये।


नेटवर्क टीकमगढ़।  कलेक्टर श्रीमती हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार आज निरीक्षण के लिए नियुक्त किये गये सभी अधिकारियों ने 149 शालाओं का निरीक्षण किया तथा परीक्षा परिणाम सुधारने के लिये चलाई जा रही विशेष कक्षाओं की जानकारी ली। श्रीमती सिंह के द्वारा डीईओ तथा डीपीसी को निर्देशित किया गया है कि बोर्ड एग्जाम वाले सभी विद्यालय छुट्टी वाले दिन भी खुलें तथा शिक्षक उपस्थित रहें एवं अध्यापन कार्य करवाएं। उन्होंने कहा कि अवकाश के दिन जो विद्यालय नहीं खुले पाये जायेंगे, उन विद्यालय के प्राचार्याें तथा संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी किये जायेंगे। निरीक्षण के दौरान 145 शालायें खुली पाई गईं तथा 4 शालाओं की जानकारी देरी संकुल विकासखंड बल्देवगढ़ द्वारा नहीं भेजी गई। जिस पर देरी संकुल प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

 ज्ञातव्य है कि श्रीमती सिंह के निर्देशानुसार जिले में परीक्षा परिणाम सुधारने के लिये शालाओं में निरीक्षण के लिए संबंधित अधिकारियों को शालायें आवंटित की गई थीं। इन शालाओं में कलेक्टर श्रीमती सिंह के निर्देशानुसार परीक्षा परिणाम सुधारने के लिये विशेष कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। श्रीमती सिंह के निर्देशानुसार बोर्ड एग्जाम वाले सभी शासकीय विद्यालय छुट्टी वाले दिन भी खुल रहे हैं तथा विशेष कक्षायें आयोजित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों का छूटा हुआ कोर्स पूरा किया जा सके तथा रिवीजन कराया जा सके और परीक्षा परिणाम बेहतर हो।