खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार ताबड़तोड़ कार्यवाही...नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
//नरेंद्र अहिरवार//
नेटवर्क दमोह। आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रशासन मध्यप्रदेश के आदेशानुसार कलेक्टर,दमोह तरुण राठी एवं डी0ओ0 खाद्य सुरक्षा प्रशासन डॉ0आर0के0 बजाज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी, दमोह राकेश अहिरवाल ने दमोह शहर में अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण कार्यवाही करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूनें जांच हेतु लिए हैं। आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रशासन मध्यप्रदेश रवींद्र सिंह द्वारा संपूर्ण मध्यप्रदेश में विभिन्न ब्रांडों के विक्रय हो रहे पान मसाला एवं पैक्ड दूध के नमूनें जांच हेतु भेजने का आदेश जारी किया है। उक्त आदेश के परिपालन में दमोह में निरीक्षण की कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश अहिरवाल ने दमोह शहर में सरकारी बस स्टैंड के सामने स्थित लक्ष्मी पान मसाला दुकान का निरीक्षण किया। उक्त परिसर से विभिन्न ब्रांडों के पान मसाला का फुटकर विक्रय होता है। मौके पर विक्रय हो रहे पान पराग प्रीमियम ब्रांड पान मसाला का नमूना जांच हेतु लिया है। उक्त प्रतिष्ठान में फ़ूड लाइसेंस की प्रति परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित पाई गई है। खाद्य विक्रेता को परिसर में फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में बस स्टैंड स्थित पंकज ट्रेडर्स की दुकान का निरीक्षण करके अमूल गोल्ड दूध का नमूना जांच हेतु लिया गया है। निरीक्षण के दौरान फ़ूड लाइसेंस एवं फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगा हुआ पाया गया है। इन खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर इस संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने समस्त खाद्य विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपने प्रतिष्ठान में फ़ूड लाइसेंस एवं फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड की प्रति जरूर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें एवं उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

