कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने दमोह शहर की खाद्य सामग्री से की दुकानों का निरीक्षण....राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे खाद्य पदार्थों के नमूनें।
//नरेंद्र अहिरवार//
नेटवर्क दमोह। कलेक्टर,दमोह तरुण राठी एवं डी0ओ0 खाद्य सुरक्षा प्रशासन डॉ0आर0के0बजाज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी,दमोह राकेश अहिरवाल ने दमोह शहर में अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण कार्यवाही करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूनें जांच हेतु लिए हैं। दमोह में निरीक्षण की कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश अहिरवाल ने दमोह शहर में घंटाघर,बूंदा बहु मंदिर के सामने स्थित श्रीनाथ पाव भाजी एवं चाट सेंटर प्रो0 ओमप्रकाश पटेल का निरीक्षण किया। उक्त परिसर से मंचूरियन, पाव भाजी, पुलाव आदि का निर्माण एवं विक्रय होता है। मौके पर विक्रय हो रहे प्लेन राइस पुलाव का नमूना जांच हेतु लिया है। उक्त प्रतिष्ठान में फ़ूड लाइसेंस की प्रति परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित पाई गई है। खाद्य विक्रेता को परिसर में फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए गए हैं। परिसर में कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश दिए गए हैं तथा परिसर में साफ सफाई व्यवस्था दुरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह स्टेट बैंक सिटी ब्रांच घंटाघर के सामने स्थित सत्या मसाला डोसा प्रो0 कनी ठाकुर की इडली,डोसा विक्रय दुकान का निरीक्षण करके नारियल चटनी का नमूना जांच हेतु लिया गया है। डोसा सेंटर संचालक को फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगवाने एवं कार्यरत कर्मचारियों को हेड कवर,एप्रन एवं मास्क,हैंड ग्लव्स का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों दुकानदारों को उपभोक्ताओं को स्वच्छ पेयजल मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। इन खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर इस संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने समस्त खाद्य विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपने प्रतिष्ठान में फ़ूड लाइसेंस एवं फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड की प्रति जरूर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें एवं उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
