फ्लेवर्ड दूध के नमूनें लेकर गुणवत्ता परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे....खाद्य पदार्थों के नमूनें एवं जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर होगी नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही।
//नरेंद्र अहिरवार//
नेटवर्क दमोह। जिले भर में खाद्य विभाग की कार्यवाही निरंतर जारी हैं, जिसमें आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रशासन मध्यप्रदेश रवींद्र सिंह के आदेशानुसार कलेक्टर,दमोह तरुण राठी एवं डी.ओ. खाद्य सुरक्षा प्रशासन डॉ आर.के. बजाज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी, दमोह राकेश अहिरवाल ने दमोह शहर में निरीक्षण कार्यवाही करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूनें जांच हेतु लिए हैं। आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रशासन मध्यप्रदेश रवींद्र सिंह द्वारा संपूर्ण मध्यप्रदेश में विभिन्न ब्रांडों के विक्रय हो रहे पैक्ड दूध के नमूनें जांच हेतु भेजने का आदेश जारी किया है। उक्त आदेश के परिपालन में दमोह में निरीक्षण की कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश अहिरवाल ने दमोह शहर में पुराना थाना स्थित श्री फूड्स का निरीक्षण किया। मौके पर विक्रय हो रहे अमूल मोती ब्रांड टोंड दूध एवं ब्रिटानिया विंकीन काऊ ब्रांड फ्लेवर्ड दूध का नमूना जांच हेतु लिया है। उक्त प्रतिष्ठान में फ़ूड लाइसेंस की प्रति स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के एवं फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगवाने के निर्देश खाद्य विक्रेता को दिए गए हैं। इन खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर इस संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने समस्त खाद्य विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपने प्रतिष्ठान में फ़ूड लाइसेंस एवं फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड की प्रति जरूर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें एवं उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।