● निर्धारित समय से पन्द्रह दिन पहले रखी परीक्षा की तारीख।
नेटवर्क छतरपुर। मध्यप्रदेश उच्चशिक्षा विभाग द्वारा सत्र 2019-20 के लिए जारी किए गए अकादमिक कैलेंडर के अनुसार वार्षिक परीक्षाएं 1 अप्रैल से 15 मई तक सम्पन्न कराने का सख्त निर्देश दिया गया है।
वहीं 28 फरवरी को मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग,भोपाल द्वारा जारी पत्र क्रमांक 172/सी सी 20/38 में परीक्षा संचालन बिन्दु के पहले बिन्दु में कैलेण्डर 2019-20 के परिपालन में परीक्षा सम्पन्न कराने का निर्देश भी दिया गया है।इस पत्र को प्रदेश के सभी संस्थानों को सूचित करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग के पोर्टल पर 2 मार्च को अपलोड किया गया है।
वहीं उच्च शिक्षा विभाग के इन निर्देशों को दरकिनार करते हुए शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाराजा महाविद्यालय छतरपुर द्वारा 3 मार्च को वार्षिक परीक्षा की समय सारणी जारी की गई है।जिसमें शासन के निर्देशानुसार 1 अप्रैल से शुरू होने वाली वार्षिक परिक्षाओं को 17 मार्च से ही शुरू करने की मनमानी सामने आई हैं।
महाविद्यालय की इस अनुचित मनमानी को लेकर छात्रों में आक्रोश देखने को मिल रहा है।वहीं शासन के निर्देशानुसार जारी निर्धारित समय 1 अप्रैल से वार्षिक परीक्षाएं प्रारंभ कराने की माँग की जा रही है।


