Translate

मंगलवार, 14 अप्रैल 2020

छतरपुर जिले में अब "ऑपरेशन पहचान" हुआ शुरू।


//संदीप यादव//
नेटवर्क छतरपुर।  कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह की पहल पर छतरपुर जिले में खांसी, सर्दी/जुकाम और बुखार के मरीजों की पहचान कर कोरोना संबंधी जाँच के लिए छतरपुर जिले में “ऑपरेशन पहचान“ की शुरूआत की गई है। कलेक्टर श्री सिंह ने “ऑपरेशन पहचान" को सफल बनाने और छतरपुर जिले को कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण से बचाव के लिए शासकीय और निजी चिकित्सकों सहित मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की है कि खांसी, सर्दी/जुकाम या बुखार की दवा लेने के लिए आए व्यक्तियों अथवा इलाज करने वाले चिकित्सक ऐसे व्यक्तियों की सूची नाम, पता, मोबाइल नम्बर की जानकारी प्रतिदिन संबंधित क्षेत्र के एसडीएम/बीएमओ अथवा सिविल सर्जन को उपलब्ध कराएं।

   कलेक्टर द्वारा आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी व्यक्ति को उपरोक्त लक्षण होने पर वे इसकी जानकारी तत्काल अपने क्षेत्र के सीएमओ अथवा ग्राम पंचायत सचिव को दें, जिससे तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिल सके।
कलेक्टर श्री सिंह ने आदेश का पालन नहीं करने वाले चिकित्सक अथवा मेडिकल स्टोर संचालक के विरुद्ध म.प्र. कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी नियम 2020 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्यवाही करने की बात कही है। सभी एसडीएम, बीएमओ और सिविल सर्जन को उक्तानुसार प्राप्त सूचियों को संकलित कर बीमार व्यक्तियों की कोरोना संबंधी गहन जाँच कराने के बाद जानकारी अपर कलेक्टर को अवगत कराने के लिए कहा गया है।
  “ऑपरेशन पहचान“ का उद्देश्य छतरपुर जिले को कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण से बचाना और वाहक होने की स्थिति में समय पर पहचान कर इलाज करना है।