नेटवर्क छतरपुर। छतरपुर जिले की आंगनबाड़ी केन्द्र कलोथर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्वाति राय ने समाज को जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दिया है। उन्होंने माता-पिता से बिछुड़े बच्चे अंगद आदिवासी की मदद कर सकुशल माता-पिता के पास पहुंचाने में मदद की है।
इसके अलावा उन्होंने कोरोना आपदा से बचाव के लिए एक माह का मानदेय मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराकर मिसाल पेश की है।
झाँसी में गत दिनों अपने माता-पिता से बिछुड़े बच्चे अंगद के बारे में जानकारी लगने पर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों और समाजसेवियों की मदद से बच्चे को भोजन की व्यवस्था कर सकुशल उसके बड़ामलहरा क्षेत्र में कर्री ग्राम पंचायत के ग्राम सिरोंज में स्थित घर भेजने की व्यवस्था की। बच्चा अंगद अपने माता-पिता से मिलकर बहुत खुश है। अंगद के माता-पिता ने भी दुख की इस घड़ी में बच्चे की सकुशल घर वापसी पर कार्यकर्ता को धन्यवाद दिया।
जिला कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने इस बात की जानकारी लगने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्वाति राय के जिम्मेदार आचरण की सराहना करते हुए संवेदनशीलता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।